हड़कंप: भीषण आग में दो दुकानें और घर का सामान जलकर खाक, गीतांजलि टॉकीज के समीप आग का कहर

भीषण आग में दो दुकानें और घर का सामान जलकर खाक, गीतांजलि टॉकीज के समीप आग का कहर
  • एसी के 2 कंप्रेसर में विस्फोट से इलाके में फैली दहशत
  • दमकल के 8 वाहनों ने 5 घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
  • 8 वाहनों ने 5 घंटे तक की मशक्कत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सीए रोड पर गीतांजलि टॉकीज के समीप लोधीपुरा में रविवार सुबह 8.30 बजे भीषण आग लगने से 2 दुकानें और एक घर का सामान जलकर खाक हो गया। पुरानी इमारत में संचालित फ्रिज रिपेयरिंग और बिक्री की दुकान से लगी आग ने देखते ही देखते पड़ोस की एक अन्य दुकान और समीप स्थित घर की छत को भी अपनी चपेट में ले लिया। एसी के 2 कंप्रेसर में विस्फोट होने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। विस्फोटों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। संकरी गली के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मनपा के 5 अग्निशमन केंद्रों के 8 वाहनों की मदद से करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पुरानी लकड़ी और टीन की छत वाली इमारत में संचालित अल कौसर रेफ्रिजरेटर रिपेयरिंग एवं बिक्री की दुकान में आग लगी। करीब 60 साल पुराने मकान में लकड़ी और टीन होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग में दुकान में रखे फ्रिज, एसी, वॉशिंग मशीन समेत अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। इसी दौरान एसी के 2 कंप्रेसर में विस्फोट होने से आग और भड़क उठी।

देखते ही देखते आग ने पड़ोस में स्थित रमेश भाबला की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। यहां तेज लपटों और धुएं के कारण फर्नीचर, कांच की सामग्री समेत अन्य सामान जलकर खाक हो गया। इसके अलावा, समीप स्थित मनोज श्रीवास के घर की छत तक आग की लपटें पहुंच गईं। छत पर रखी तिरपाल, बेड, एसी समेत अन्य सामग्री भी जल गई।

आग की ऊंची लपटों और काले धुएं के कारण पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिकों और नगरसेवक वसीम खान ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग के विकराल रूप के कारण सफलता नहीं मिली। शुरुआत में गंजीपेठ के प्रभारी अधिकारी विलास तिलगुड़े के नेतृत्व में दमकल के 2 वाहन घटनास्थल पर भेजे गए। बाद में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अन्य अग्निशमन केंद्रों से भी वाहन बुलाए गए। गणेशपेठ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

8 वाहनों ने 5 घंटे तक की मशक्कत

आग की गंभीरता को देखते हुए मनपा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र ऊचके, सहायक अधिकारी तुषार बाराहाते, सुगतनगर के प्रभारी सुनील डोकरे, नरेंद्रनगर के रवींद्र मरसकोल्हे और लकड़गंज के प्रकाश कावड़कर भी घटनास्थल पर पहुंचे। सिविल, लकड़गंज, वाठोड़ा, सक्करदरा और सुगतनगर अग्निशमन केंद्रों से दमकल वाहन बुलाए गए। कुल 8 वाहनों की मदद से दमकल कर्मियों ने करीब 5 घंटे तक आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

Created On :  

Tags

Next Story