SIR 2026: EC ने 6 राज्यों में बढ़ाई SIR की समय-सीमा, दिल्ली में 22 दिसंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

EC ने 6 राज्यों में बढ़ाई SIR की समय-सीमा, दिल्ली में 22 दिसंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर जारी विवाद के बीच चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समय-सीमा में बदलाव किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर जारी विवाद के बीच चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की समय-सीमा में बदलाव किया है। आयोग ने हरियाणा, तेलंगाना, नागालैंड, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली में दावे-आपत्तियां दर्ज कराने और उनके निपटारे से जुड़ी तारीखों में संशोधन किया है।

चुनाव आयोग के अनुसार, हरियाणा, तेलंगाना, नागालैंड, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी। वहीं, दिल्ली में अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख 22 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

यह फैसला ऐसे समय आया है, जब SIR की प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दल सवाल उठा रहे हैं। इससे पहले बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में फॉर्म-6 से संबंधित सुनवाई के दौरान दिल्ली में चल रही SIR प्रक्रिया का मुद्दा भी उठा था।

दावे और आपत्तियों के निपटारे की तारीखें बदलीं

चुनाव आयोग ने अलग-अलग राज्यों में दावे और आपत्तियों के निपटारे के लिए नई समय-सीमा तय की है। इसके तहत हरियाणा और आंध्र प्रदेश में 20 नवंबर, महाराष्ट्र और नागालैंड में 25 नवंबर, जबकि तेलंगाना में 26 नवंबर 2026 तक यह प्रक्रिया पूरी की जानी है। दिल्ली में दावे और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तारीख 15 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

आयोग ने संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मतदाताओं को नई तारीखों की जानकारी मिल सके और वे तय समय के भीतर अपने दावे या आपत्तियां दर्ज करा सकें।

हरियाणा में 30 नवंबर को जारी होगी अंतिम सूची

हरियाणा में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 31 जुलाई से बढ़ाकर 20 नवंबर 2026 तक की गई है। इसके बाद 30 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

तेलंगाना और नागालैंड के लिए भी नई समय-सीमा

तेलंगाना में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 26 नवंबर 2026 तक बढ़ाई गई है। यहां अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को जारी की जाएगी।

वहीं, नागालैंड में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 25 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है। राज्य में भी अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी।

आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में भी बदलाव

आंध्र प्रदेश में दावे और आपत्तियां जमा करने की अंतिम तारीख 20 नवंबर 2026 तय की गई है। यहां 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।

महाराष्ट्र में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 13 नवंबर 2026 बताई गई है। इनके निपटारे के लिए 25 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

दिल्ली में 25 नवंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुरोध पर चुनाव आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी में SIR के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समय-सीमा बढ़ाई है। अब मतदाता 25 नवंबर 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां जमा कर सकेंगे। इसके लिए अर्हक तिथि यानी क्वालिफाइंग डेट 1 अक्टूबर 2026 तय की गई है।

दिल्ली में दावे और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तारीख 15 दिसंबर निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर 2026 को जारी की जाएगी।

चुनाव आयोग ने अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने और मतदाताओं तक जरूरी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

Created On :  

Tags

Next Story