Maharashtra MLC Election: बैलेट पेपर से खुल गई PM मोदी की कलई? महाराष्ट्र में जीत के बाद शरद गुट का बड़ा बयान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (MVA) ने 5 में से 3 सीटों पर जीत हासिल की है। गठबंधन ने तीनों स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में विजय प्राप्त की है। MVA गठबंधन में कांग्रेस ने एक सीट और शरद गुट की पार्टी ने दो सीटें जीती हैं। इस पर शरद गुट के राष्ट्रीय प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने बयान जारी किया है। इस दौरान उन्होंने बैलेट पेपर को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा है। उनके अलावा पार्टी नेता रोहिणी खडसे ने आगामी सभी चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग की है।
कांग्रेस को लेकर क्या बोले शरद गुट के प्रवक्ता?
नसीम सिद्दीकी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "महाराष्ट्र में पांच सीटें थीं, जिनमें से तीन कांग्रेस के नेतृत्व वाले 'महाविकास अघाड़ी', जो INDIA गठबंधन का हिस्सा है, के खाते में गईं। पांच में से तीन सीटों का मतलब है कि 60% सीटें INDIA ब्लॉक को मिलीं। यहां INDIA गठबंधन की अगुवाई कांग्रेस पार्टी कर रही है। कांग्रेस और उसके सहयोगी सफल रहे हैं। इनमें से दो सीटें NCP को और एक सीट कांग्रेस को मिली है।"
वाराणसी MLC चुनाव का किया जिक्र
शरद गुट के प्रवक्ता ने वाराणसी MLC चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, "बैलेट पेपर में पीएम मोदी की कलई खुल गई है। स्वयं वाराणसी में बैलेट से चुनाव हुआ तो वो चुनाव हार गए। गोरखपुर की सीट, जहां से योगी आदित्यनाथ सांसद हुआ करते थे, वहां की सीट समाजवादी पार्टी जीत गई, तो ये साबित हो गया कि कहीं न कहीं EVM में घोटाला था।"
यह भी पढ़े -चार राज्यों की 28 सीटों में से बीजेपी की 13 सीटों पर जीत, वाराणसी-नागपुर में हार से बढ़ी टेंशन
उन्होंने आगे दावा करते हुए कहा, "अगर EVM से चुनाव होता तो वाराणसी की सीट मोदी जी कभी नहीं हार सकते थे। वो वाराणसी के लिए अमृत पीकर आए थे। महाराष्ट्र MLC चुनाव में कहीं न कहीं हमारा वोटिंग परसेंटेज बीजेपी और महायुति के सहयोगियों से डेढ़ गुना ज्यादा है।"
रोहिणी खडसे ने क्या कहा?
शरद गुट की नेता रोहिणी खडसे ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा, "स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावों में 'महाविकास अघाड़ी' के हमारे तीन उम्मीदवार चुनकर आए हैं, बहुत खुशी है। तीनों उम्मीदवारों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देती हूं। हमारे सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सही योजना बनाकर काम किया, जिसका नतीजा यह रहा। आज हम देख सकते हैं कि जब बैलेट पेपर से मतदान होता है, तो परिणाम क्या आते हैं। अगर चुनाव EVM से होता है तो रिजल्ट क्या आता है, वो हम लोगों ने 2024 के विधानसभा चुनाव में देखा है।"
Created On :  


