अजब गजब: नौकरी छोड़ी तो कंपनी ने थमा दिया 90 हजार का बिल, सैलरी भी रोकी; इंजीनियर ने ऐसे सुलझाया मामला

नौकरी छोड़ी तो कंपनी ने थमा दिया 90 हजार का बिल, सैलरी भी रोकी; इंजीनियर ने ऐसे सुलझाया मामला
किसी कंपनी में नौकरी शुरू करते समय कर्मचारी को शायद ही अंदाजा होता है कि वहां से इस्तीफा देने के बाद उसे किन परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। किसी कंपनी में नौकरी शुरू करते समय कर्मचारी को शायद ही अंदाजा होता है कि वहां से इस्तीफा देने के बाद उसे किन परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। आमतौर पर नोटिस पीरियड पूरा करने और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कर्मचारी को रिलीव कर दिया जाता है। लेकिन त्रिपुरा के अगरतला में रहने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ मामला कुछ अलग ही हो गया। नौकरी छोड़ने के बाद कंपनी ने उससे ट्रेनिंग के नाम पर करीब 90 हजार रुपये की मांग कर दी। इतना ही नहीं, उसकी बची हुई सैलरी का भुगतान भी अटका दिया गया।

इंजीनियर ने अपने साथ हुई इस घटना को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit के r/IndianWorkplace पर साझा किया। अपनी पोस्ट में उसने बताया कि नौकरी से इस्तीफा देने के बाद अचानक कंपनी ने उसे 90 हजार रुपये का देनदार बता दिया। कर्मचारी के मुताबिक, उसने कंपनी में लगभग नौ महीने तक काम किया था। इसके बाद तय प्रक्रिया के अनुसार इस्तीफा दिया और नोटिस पीरियड भी पूरा किया। आखिरी कार्यदिवस पर कंपनी छोड़ते समय उसे लगा था कि एग्जिट की औपचारिकताएं आसानी से पूरी हो जाएंगी, लेकिन HR से बातचीत के दौरान उसे एक अप्रत्याशित मांग का सामना करना पड़ा।

ट्रेनिंग के नाम पर मांगे 90 हजार रुपये

कर्मचारी का कहना है कि कंपनी के HR विभाग ने एग्जिट प्रक्रिया के दौरान उसे बताया कि ट्रेनिंग पर हुए खर्च के बदले उसे लगभग 90 हजार रुपये जमा करने होंगे। यह सुनकर वह हैरान रह गया। उसने सवाल उठाया कि जब वह करीब नौ महीने तक कंपनी में काम कर चुका है और इस दौरान वास्तविक प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारियां भी संभालता रहा है, तो उससे ट्रेनिंग के नाम पर इतनी बड़ी रकम क्यों मांगी जा रही है।

उसके मुताबिक, मामला यहीं नहीं रुका। कंपनी ने उसकी आखिरी सैलरी का भुगतान भी समय पर नहीं किया। HR और मैनेजमेंट के साथ कई बार बातचीत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं निकला। कर्मचारी ने बताया कि हर बार उससे अलग-अलग रकम की मांग की जाती थी, जिससे पूरा मामला और उलझता चला गया।

15 डेवलपर्स से घटकर 5 रह गई थी टीम

अपनी पोस्ट में इंजीनियर ने कंपनी के कामकाज से जुड़ी एक और जानकारी साझा की। उसने बताया कि जब उसने वहां नौकरी शुरू की थी, तब कंपनी में करीब 15 डेवलपर्स काम कर रहे थे। लेकिन उसके इस्तीफा देने तक यह संख्या घटकर महज पांच रह गई थी।

इस अनुभव के आधार पर उसने दूसरे नौकरीपेशा लोगों को भी एक जरूरी सलाह दी। कर्मचारी का कहना है कि किसी भी कंपनी में जॉइन करने से पहले एम्प्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट को अच्छी तरह पढ़ना चाहिए। खासकर ट्रेनिंग बॉन्ड, नौकरी छोड़ने की शर्तों और नोटिस पीरियड से जुड़े नियमों को समझना बेहद जरूरी है।

लेबर ऑफिस में शिकायत के बाद सुलझा मामला

Reddit पर यह पोस्ट सामने आने के बाद कई यूजर्स ने कर्मचारी को सलाह दी। एक यूजर ने कहा कि कंपनी को कर्मचारी के जरूरी दस्तावेज और एक्सपीरियंस लेटर रोककर नहीं रखने चाहिए। इस पर इंजीनियर ने बताया कि उसने मामले को लेकर लेबर ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

उसने संबंधित लेबर अधिकारी को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामले में तीन बार सुनवाई हुई। आखिरकार विवाद का समाधान निकल आया और कर्मचारी को अपना एक्सपीरियंस सर्टिफिकेट, सैलरी स्लिप और रिलीविंग लेटर मिल गए।

इस तरह नौकरी छोड़ने के बाद शुरू हुआ विवाद लेबर ऑफिस में शिकायत और सुनवाई के बाद खत्म हुआ। कर्मचारी की यह पोस्ट अब नौकरीपेशा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

Created On :  

Tags

Next Story