अजब गजब: माथे पर तिलक, गले में फूलों की माला और आरती... दो पालतू कुत्तों की पूजा का वीडियो वायरल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है, जिसे देखकर चेहरे पर मुस्कान आना तय है। वीडियो में एक पति-पत्नी अपने दो पालतू कुत्तों की पूरे रीति-रिवाज के साथ पूजा करते नजर आ रहे हैं। दोनों कुत्तों को सजाकर उनकी आरती उतारी गई और उन्हें अपने हाथों से खाना भी खिलाया गया। जानवरों के प्रति इस प्यार को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी काफी खुश हैं।
यह भी पढ़े -बोहरा समाज शांति प्रिय, व्यापारिक गतिविधियों में अग्रणी और देशभक्तसमाज है - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
तिलक लगाया, गेंदे की माला पहनाकर सजाया
वायरल वीडियो में घर के अंदर पूजा की खास तैयारी दिखाई देती है। फूलों और दीयों से सजे स्थान पर दोनों कुत्तों को लाल रंग के गद्दे पर बैठाया गया है। पति-पत्नी भी लाल कपड़ों में नजर आते हैं। इसके बाद दोनों बारी-बारी से कुत्तों के माथे पर लाल तिलक लगाते हैं और उनके गले में गेंदे के फूलों की माला पहनाते हैं। बड़े कुत्ते को नेपाली टोपी भी पहनाई जाती है। इस दौरान दोनों कुत्ते बिना किसी परेशानी के शांति से बैठे रहते हैं।
दीया जलाकर उतारी आरती, हाथों से खिलाया खाना
पूजा की रस्म यहीं खत्म नहीं होती। वीडियो में शख्स जलते हुए दीये से दोनों कुत्तों की आरती करता है, जबकि उसकी पत्नी पूजा की घंटी बजाती नजर आती है। इसके बाद दंपती अपने पालतू कुत्तों को प्यार से हाथों से खाना खिलाते हैं। दोनों कुत्ते भी बड़े चाव से भोजन करते दिखाई देते हैं। इस पूरे आयोजन को देखकर ऐसा लगता है, जैसे घर में कोई खास त्योहार मनाया जा रहा हो।
क्या है नेपाल का कुकुर तिहार ?
दरअसल, यह परंपरा नेपाल के प्रसिद्ध त्योहार 'कुकुर तिहार' से जुड़ी है। यह पर्व दीपावली के दौरान मनाया जाता है। नेपाली परंपरा में कुत्तों को यमराज का दूत और वफादारी का प्रतीक माना जाता है। इस दिन लोग कुत्तों के माथे पर तिलक लगाते हैं, फूलों की माला पहनाते हैं और उन्हें विशेष भोजन कराते हैं। इस तरह उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया जाता है।
सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आया वीडियो
इंस्टाग्राम अकाउंट @cocoandruby.doodles पर शेयर किए गए इस वीडियो को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। कमेंट सेक्शन में यूजर्स दोनों कुत्तों की मासूमियत और दंपती के प्यार की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि बेजुबान जानवरों को परिवार का हिस्सा मानकर इस तरह सम्मान देना बेहद खूबसूरत है। वीडियो ने एक बार फिर दिखाया है कि प्यार और अपनापन जताने के लिए भाषा की जरूरत नहीं होती।
Created On :  


