अजब गजब: 3400 किस, 5500 चालान! गर्लफ्रेंड से कार पर करवाई किस, लिपस्टिक के निशान देखकर पुलिस ने काटा चालान

3400 किस, 5500 चालान! गर्लफ्रेंड से कार पर करवाई किस, लिपस्टिक के निशान देखकर पुलिस ने काटा चालान
ग्वालियर में वायरल होने के लिए युवक ने अपनी ही स्विफ्ट कार पर अपनी गर्लफ्रेंड से 3400 किस के निशान बनवाए हैं। जिस पर पुलिस ने चालान भी काटा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर ज्यादा मशहूर होने के लिए लोग कई बार अजीब काम करना शुरू कर देते हैं। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भी एक ऐसा ही मामला देखने को मिला है। एक युवक ने अपनी स्विफ्ट कार को अलग दिखाने के लिए उस पर लिपस्टिक से हजारों किस के निशान बनवाए हैं। उसकी गर्लफ्रेंड ने लगभग साढ़े तीन घंटे में कार पर लगभग 3500 निशान बनाए हैं। युवक ने इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है और जब वीडियो तेजी से वायरल होने लगा तो ट्रैफिक पुलिस की भी इस पर नजर पड़ गई। इसके बाद युवक को थाने पर बुलाया गया था और उस पर जुर्माना भी लगाया गया है।

कार पर बनाए हजारों निशान

युवक ने बताया है कि उसे यह आइडिया विदेश के एक वीडियो से मिला था। उसकी गर्लफ्रेंड ने कार पर लिपस्टिक से 3400 किस के निशान बनाए थे और कार पर 'ठाकुर' शब्द भी लिखा था। उस जगह पर भी लिपस्टिक के निशान बनाए गए थे। पुलिस ने बाद में इसे साफ करवाया। युवक ने खुद यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था। उसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों तक वीडियो पहुंचाना था।

पुलिस ने लगाया 5500 रुपये का जुर्माना

वीडियो सामने आने के बाद ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की और युवक को कार के साथ थाने बुलाया। पुलिस ने उसका 5500 रुपये का चालान काटा, इसके बाद युवक से कार पर बने सभी लिपस्टिक के निशान खुद साफ करवाए गए। पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी इसी कार का एक वीडियो सामने आया था, उसमें कार को पटेल नगर-सिटी सेंटर इलाके में तेज रफ्तार से चलाते हुए देखा गया था। उस मामले में भी पुलिस ने कार को थाने बुलाया था।

सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब मजाक किया

यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी ज्यादा वायरल हुआ था और कई लोगों ने अलग-अलग कमेंट्स भी किए हैं। कई लोगों ने कहा कि आजकल मशहूर होने के लिए लोग कुछ भी कर रहे हैं। कुछ लोगों ने पूछा कि 3400 निशानों की गिनती आखिर किसने की होगी। वहीं कुछ ने इसे प्यार की निशानी बताया है।

Created On :   25 Aug 2026 6:58 PM IST

Tags

Next Story