अजब गजब: ऋषिकेश में हुई मुलाकात के बाद इंडियन यूट्यूबर को बेलारूस घूमने का मिला मौका, वीडियो वायरल

ऋषिकेश में हुई मुलाकात के बाद इंडियन यूट्यूबर को बेलारूस घूमने का मिला मौका, वीडियो वायरल
ऋषिकेश में हुई मुलाकात के बाद इंडियन यूट्यूबर को रूस की लड़की ने बेलारूस घुमाने का इंविटेशन दिया था। लड़के ने इंविटेशन एक्सेप्ट किया और बेलारूस पहुंच गया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय यूट्यूबर अभिनव रेड्डी की एक यात्रा इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। ऋषिकेश घूमते हुए उनकी मुलाकात रूस की रहने वाली मारिया से हुई थी। बातचीत के बाद मारिया ने उनको बेलारूस में अपने गांव आने का न्योता दिया था। अभिनव ने यह निमंत्रण स्वीकार किया और वहां एक हफ्ता बिताया है।

गांव की जिंदगी को करीब से देखा

बेलारूस पहुंचकर अभिनव ने मारिया के परिवार के साथ सात दिन बिताए, इस दौरान उन्होंने गांव की जिंदगी को करीब से देखा और वहां के लोगों से मुलाकात की। गांव में घूमकर वहां की जिंदगी को करीब से देखा, उन्होंने खेतों में हल चलाया और बेलारूस की संस्कृति को समझा। यात्रा के दौरान अभिनव भारतीय कुर्ता पहनकर मारिया के स्कूल भी पहुंचे। वहां उन्होंने बच्चों को भारतीय तरीके से नमस्ते करना सिखाया। उन्होंने भारत की कुछ परंपराओं के बारे में भी जानकारी दी।

लोगों ने दिल से किया स्वागत

अभिनव ने बताया कि वहां के लोग विदेशियों से कम मिलते हैं, लेकिन उनके साथ सभी ने बहुत अपनापन दिखाया। उनके अनुसार गांव के लोग मिल-जुलकर रहते हैं, साथ समय बिताते हैं और हर खुशी एक दूसरे के साथ बांटते हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके लिए यादगार रही और बेलारूस अब उनके पसंदीदा देशों में शामिल हो गया है। इसके अलावा, मारिया ने अभिनव को 'बांया' भी दिखाया। यह लकड़ी की गर्म भाप वाला ट्रेडिशनल स्टीम बाथ होता है, जिसे उनके पिता ने खुद बनाया था। इस अनुभव के बाद मारिया ने मुस्कुराते हुए कहा-अब आप हमारे परिवार का हिस्सा हैं।

दर्शकों की प्रतिक्रिया

अभिनव के व्लॉग को खूब पसंद किया गया। लोगों ने कमेंट सेक्शन में अपने-अपने मन की बात लिखी। एक दर्शक ने लिखा कि देखिए ये लोग समुदाय के तौर पर कितने समझदार हैं। इस व्लॉग को देखने में मजा आया। वहीं, एक दूसरे शख्स ने कहा कि मुझे नहीं पता था कि बेलारूस इतना सुंदर है और वहां के लोग इतने अच्छे हैं।

Created On :   30 Sept 2026 5:43 PM IST

Tags

Next Story