अजब गजब: पुष्कर मेले में दिखी 2 फीट की अनोखी भैंस, कीमत सुनकर रह जाएंगे हैरान!

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजस्थान के पुष्कर मेले में इस बार एक नन्ही सी भैंस लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसका नाम पिंकी है और इसकी लंबाई महज 2 फीट बताई जा रही है। आमतौर पर इस मेले में ऊंचे कद के घोड़े, सजे-धजे ऊंट और भारी-भरकम भैंसे लोगों का ध्यान खींचते हैं, लेकिन इस बार अपनी छोटी सी कद-काठी की वजह से पिंकी चर्चा में है। खास बात यह है कि इसके मालिक ने इसकी कीमत 1 करोड़ रुपए रखी है। पिंकी को देखने के लिए मेले में लोगों की भीड़ जुट रही है।
यह भी पढ़े -ऋषिकेश में हुई मुलाकात के बाद इंडियन यूट्यूबर को बेलारूस घूमने का मिला मौका, वीडियो वायरल
आखिर क्यों इतनी महंगी है 2 फीट की भैंस?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिंकी के मालिक का कहना है कि यह भैंस बेहद खास और दुर्लभ है। इसका छोटा कद, शांत स्वभाव और दूसरी भैंसों से अलग दिखने की वजह से इसकी कीमत 1 करोड़ रुपए तय की गई है।
हालांकि, यह कीमत खुद मालिक ने बताई है। इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पिंकी को खरीदने के लिए किसी खरीदार के सामने आने की जानकारी भी नहीं है।
पिंकी को देखने के लिए उमड़ रही भीड़
महाराष्ट्र के ठाणे से आई 5 साल की पिंकी को देखकर मेले में पहुंच रहे लोग हैरान हैं। कई लोगों का कहना है कि उन्होंने इससे पहले इतनी छोटी भैंस नहीं देखी। उसकी अनोखी कद-काठी की वजह से लोग उसके साथ तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भी पिंकी के वीडियो खूब चर्चा में हैं। लोग उसे कोई 'नन्हीं परी' तो कोई 'पुष्कर मेले की स्टार' कह रहा है। बड़े-बड़े पशुओं के बीच पिंकी अपनी छोटी सी कद-काठी से सबका ध्यान खींच रही है।
पुष्कर मेले में आए हैं एक से बढ़कर एक खास जानवर
राजस्थान के पुष्कर में लगने वाला पशु मेला देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के बड़े पशु मेलों में गिना जाता है। यहां हर साल देश के अलग-अलग हिस्सों से पशुपालक अपने खास नस्ल के जानवर लेकर पहुंचते हैं। इस बार मेले में 7 हजार से ज्यादा जानवरों के पहुंचने की जानकारी है। इनमें कई ऐसे जानवर भी हैं, जिनकी कीमत और खासियत लोगों को हैरान कर रही है।
मेले के कुछ खास आकर्षण इस प्रकार हैं
गोल्डन किंग घोड़ा: 5 साल का मारवाड़ी नस्ल का यह घोड़ा अपने शैंपेन जैसे रंग की वजह से चर्चा में है। इसकी कीमत 30 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
देवा भैंसा: मुर्रा नस्ल के इस भैंसे का वजन करीब 750 किलो है। इसकी कीमत 11 से 15 लाख रुपए के बीच बताई गई है।
रुद्र भैंसा: बोतल से जूस पीने वाला रुद्र भी लोगों के आकर्षण का केंद्र है। इसके मालिक ने इसकी कीमत 65 लाख रुपए रखी है।
पुंगनूर गाय: मेले में ढाई फीट की पुंगनूर गाय और उसके करीब 15 इंच के बच्चे भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
क्या पिंकी दुनिया की सबसे छोटी भैंस है?
पिंकी की चर्चा के बीच एक पुराना मामला भी सामने आ रहा है। इससे पहले महाराष्ट्र की राधा नाम की भैंस अपनी छोटी लंबाई की वजह से काफी सुर्खियों में रही थी। उसकी ऊंचाई 2 फीट 8 इंच बताई गई थी और उसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह मिली थी।
अब पिंकी की लंबाई उससे भी कम यानी करीब 2 फीट बताई जा रही है। इसी वजह से लोग उसे बेहद खास मान रहे हैं। हालांकि, पिंकी को दुनिया की सबसे छोटी भैंस का आधिकारिक रिकॉर्ड हासिल है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुष्कर मेले में वह अपनी अनोखी पहचान के कारण लोगों के आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र बनी हुई है।
Created On :  


