अजब गजब: इटली के मैकेनिक ने बनाई दुनिया की सबसे पतली कार, कबाड़ से निकालकर बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अगर एक ऐसी कार बन जाए जो देखने में बाइक से भी ज्यादा पतली लगे तो? पहली नजर में तो शायद यकीन नहीं होगा लेकिन ऐसी एक कार है जो बाइक से भी पतली है। इटली के एक मैकेनिक एंड्रिया माराजी ने अपनी पुरानी कार के साथ ऐसा ही अनोखा काम किया है। उन्होंने 1993 की फिएट पांडा को पूरी तरह बदलकर बहुत ही ज्यादा पतली गाड़ी बना दी। इसका आकार इतना छोटा है कि इसे देखकर लोग हैरान हो रहे हैं और इस अनोखे वाहन का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसकी खास बात यह है कि इस कार को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी जगह मिल चुकी है।
यह भी पढ़े -ज्वॉइनिंग के मात्र 6 घंटे बाद ही डाल दिया रिजाइन, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अनोखी स्टोरी
कार को बीच से छोटा कर दिया
एंड्रिया ने पुरानी फिएट पांडा की चौड़ाई काफी कम कर दी। अब यह गाड़ी सिर्फ 50.20 सेंटीमीटर चौड़ी है। इसकी लंबाई 3.40 मीटर और ऊंचाई 1.45 मीटर है। इसे बनाने में एंड्रिया को करीब 12 महीने लगे थे और उन्होंने कार को काटने और फिर उसके हिस्सों को जोड़ने में काफी मेहनत की थी। यह पूरा काम उनके परिवार के पुराने कारों के कारोबार वाली जगह पर किया गया था। इस प्रोजेक्ट की एक खास बात यह है कि इसमें करीब 99 प्रतिशत सामान उसी पुरानी फिएट पांडा का इस्तेमाल हुआ है। इसमें सिर्फ एक व्यक्ति बैठ सकता है और इसमें छोटा स्टीयरिंग, चार पहिए, एक इलेक्ट्रिक मोटर, आगे एक लाइट और पीछे दो लाइटें लगी हैं। इसका वजन करीब 264 किलो है यानी यह आम कारों के मुकाबले बहुत हल्की है।
यह भी पढ़े -3400 किस, 5500 चालान! गर्लफ्रेंड से कार पर करवाई किस, लिपस्टिक के निशान देखकर पुलिस ने काटा चालान
15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार
यह अनोखी कार चल सकती है और इसकी अधिकतम रफ्तार करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटा है। हालांकि, अभी इसे आम सड़कों पर चलाने की अनुमति नहीं मिली है और इसकी बड़ी वजह सुरक्षा है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसे दुनिया की सबसे पतली कार के तौर पर दर्ज किया है।
Created On :   12 Sept 2026 2:10 PM IST













