अजब गजब: 33 साल तक नहीं रुका सफर! चीन के चेन जिनवेई ने 33 सालों में 233 देशों और इलाकों का किया दौरा, कहानी जानकर आप भी हो जाएंगे हैरान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वर्ल्ड टूर करना तो कई लोगों का सपना होता है लेकिन नौकरी, परिवार और पैसों के चलते ज्यादातर लोग इस सपने को पूरा नहीं कर पाते हैं। लेकिन चीन के 53 साल के चेन जिनवेई ने इस सोच को बदल दिया है। उन्होंने लगभग 33 साल तक अलग-अलग देशों की यात्रा की है। हाल ही में पेरू से लौटकर आने के बाद उनका सह लंबा सफर पूरा हो गया है। उनके लिए यह सिर्फ एक वर्ल्ड टूर ही नहीं था बल्कि वह अलग-अलग जगहों के लोगों और उनकी जिंदगी को अपनी आंखों से समझना भी चाहते थे।
घर और काम के साथ बनाया सफर का तरीका
चेन ने साल 1993 में अपनी पहली विदेश यात्रा की थी। सबसे पहले वह सिंगापुर, मलेशिया और थाईलैंड गए थे और उस समय इंटरनेट आज जितना आसान नहीं था। चेन को हमेशा जानने की इच्छा रहती थी कि दूसरे देशों में लोग कैसे रहते हैं लेकिन उनके सामने काम और परिवार की जिम्मेदारी भी थी इसलिए उन्होंने एक आसान तरीका अपनाया। वह करीब एक महीना घर पर रहते और फिर अगले महीने किसी नई जगह चले जाते। इस तरह उन्होंने धीरे-धीरे अपने काम के साथ घूमने का सपना भी पूरा किया।
कई जगहों पर जाना नहीं था आसान
चेन ने अपनी यात्रा में कई कठिन जगहों को भी शामिल किया था। अंटार्कटिका पहुंचना उनके लिए काफी मुश्किल रहा था। नवंबर 2015 में उनकी पहली कोशिश सफल नहीं हुई और जिस जहाज से वह जा रहे थे, उसमें बिजली की खराबी आ गई। जहाज से धुआं निकलने लगा और सफर रोकना पड़ा। लेकिन चेन ने कोशिश नहीं छोड़ी और जनवरी 2016 में उन्होंने फिर यात्रा की और इस बार अंटार्कटिका पहुंच गए। टोकेलाउ भी उनके लिए एक कठिन जगह रही लेकिन 2019 में उन्हें वहां जाने का मौका नहीं मिला। बाद में उन्होंने फिर कोशिश की और इस बार वहां पहुंचने में सफल रहे। सफर के दौरान उन्हें बीमारी के साथ कई घटनाओं का भी सामना करना पड़ा। अफ्रीका में उन्हें मलेरिया हुआ और ग्रीस में उन्होंने भूकंप भी महसूस किया। चेन का कहना है कि ऐसी घटनाओं ने उन्हें मुश्किल समय में शांत रहना सिखाया है।
यह भी पढ़े -ज्वॉइनिंग के मात्र 6 घंटे बाद ही डाल दिया रिजाइन, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अनोखी स्टोरी
सिर्फ जगहें नहीं, लोगों को भी समझा
चेन के लिए यात्रा का मतलब सिर्फ और सिर्फ नई जगहों पर जाना या तस्वीरें लेना नहीं था बल्कि वह वहां के लोगों से मिलते और उनकी जिंदगी को समझने की भी कोशिश करते थे। उन्होंने 198 देशों की करेंसी भी जमा की थी और बाद में उन्होंने इन सभी को एक मेमोरियल हॉल को दे दिया। चेन का मानना है कि यात्रा और कारोबार में एक बात समान है कि दोनों में मुश्किल समय आता है, लेकिन रुकना नहीं चाहिए।
Created On :   11 Sept 2026 4:32 PM IST














