अजब गजब: सूअर की किडनी की मदद से 9 महीने डायलिसिस से मिला आराम, बाद में मिला इंसानी डोनर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंसान का कोई अंग खराब होता है तो उसको इंसान के ही दूसरे अंग से रिप्लेस किया जाता है। लेकिन क्या आपने सोचा है कि अगर किसी इंसान के जानवर का अंग लगा दिया जाए तो क्या होगा। सोचिए मरीज की दोनों किडनियां खराब हों और उसकी जिंदगी डायलिसिस मशीन के भरोसे चल रही हो ऐसे में अगर डॉक्टर उसे इंसान की किडनी की जगह सूअर की किडनी लगा दें और वह किडनी करीब 9 महीने तक काम भी करती रहे, तो यह कोई चमत्कार से कम नहीं लगेगा। ऐसा ही एक मामला अमेरिका से सामने आया है। अमेरिका में एक डॉक्टर ने शख्स की किडनी ट्रांसप्लांट करके दुनिया में एक नई उम्मीद पैदा की है।
यह भी पढ़े -शेरों से मिलने पहुंची महिला, देखते ही दोनों ने जताया प्यार, सोशल मीडिया पर वीडियो देख भावुक हुए लोग
क्या है मामला?
अमेरिका में हार्वर्ड मेडिकल स्कूल और मैसाचुसेट्स जनरल हॉस्पिटल से जुड़े डॉक्टरों ने एक ऐसे मरीज का मामला सामने लाया है, जिसने 271 दिन तक जेनेटिकली मॉडिफाइड सूअर की किडनी के सहारे बिना डायलिसिस के जिंदगी गुजारी है। इसमें खास बात यह है कि बाद में इस मरीज को इंसान की किडनी भी मिल गई और उसका सफल ट्रांसप्लांट किया गया। The Lancet में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, मरीज का नाम टिम एंड्रयूज है। मरीज की दोनों किडनी सही तरीके से काम नहीं कर रही थी वह एंड-स्टेज किडनी फेलियर से जूझ रहे थे और उन्हें लंबे समय से डायलिसिस की जरूरत पड़ रही थी। जनवरी 2025 में डॉक्टरों ने उन्हें जेनेटिकली मॉडिफाइड सूअर की किडनी ट्रांसप्लांट की और ट्रांसप्लांट के बाद किडनी ने सही से काम करना शुरू कर दिया और टिम को डायलिसिस से राहत मिल गई।
सूअर की किडनी ने दिया 9 महीने का जीवनदान
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही है कि सूअर की किडनी मरीज के शरीर में करीब 271 दिनों तक काम करती रही यानी लगभग नौ महीने तक उन्हें डायलिसिस मशीन पर निर्भर नहीं रहना पड़ा। हालांकी बाद में सूअर की किडनी ने काम करना बंद कर दिया लेकिन तब तक डॉक्टरों को इंसानी डोनर की किडनी मिल चुकी थी। इसके बाद मरीज के शरीर में इंसान की किडनी सफलतापूर्वक ट्रांसप्लांट की गई। डॉक्टरों के मुताबिक, यह दुनिया का पहला ऐसा मामला है जिसमें किसी मरीज ने जेनेटिकली मॉडिफाइड सूअर की किडनी के सहारे इतने लंबे समय तक रहने के बाद सफलतापूर्वक इंसानी किडनी ट्रांसप्लांट कराया है।
Created On :   5 Sept 2026 7:30 PM IST














