अजब गजब: ना कोई लॉटरी, ना करोड़ों का खर्च...सिर्फ ₹155 में कैसे मिल गया पूरा 2 BHK घर?

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारत के बड़े शहरों में जहां ₹155 में एक प्लेट मोमो खाना भी मुश्किल है, वहीं चीन में एक शख्स ने इतनी ही रकम में 2 BHK फ्लैट अपने नाम कर लिया। खास बात यह है कि फ्लैट पूरी तरह फर्निश्ड है। यह अनोखी डील चीन के एक बड़े ऑनलाइन शॉपिंग फेस्टिवल के दौरान हुई, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया पर हो रही है।
दरअसल, चीन में हर साल होने वाले मशहूर शॉपिंग फेस्टिवल 'डबल 11' के दौरान अलीबाबा ऑक्शन प्लेटफॉर्म पर एक फ्लैट की नीलामी रखी गई थी। इस नीलामी की शर्तें इतनी अनोखी थीं कि हजारों लोग इसमें हिस्सा लेने पहुंच गए। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लैट की शुरुआती बोली महज 1 युआन रखी गई थी।
यह भी पढ़े -इटली के मैकेनिक ने बनाई दुनिया की सबसे पतली कार, कबाड़ से निकालकर बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
11 युआन से ज्यादा नहीं लगा सकते थे बोली
इस नीलामी का सबसे दिलचस्प नियम बोली की अधिकतम सीमा थी। इसमें हर अगली बोली सिर्फ 0.01 युआन बढ़ाई जा सकती थी और कोई भी व्यक्ति अधिकतम 11 युआन यानी भारतीय मुद्रा में करीब 155 रुपये तक ही बोली लगा सकता था। जो प्रतिभागी सबसे पहले 11 युआन की बोली लगाता, फ्लैट उसके नाम हो जाता।
इस ऑफर ने लोगों को इतना आकर्षित किया कि कुल 1,677 लोगों ने नीलामी में हिस्सा लिया। इस दौरान 1,001 बोलियां लगाई गईं और महज 2 मिनट 20 सेकंड में नीलामी खत्म हो गई। पूर्वी चीन के जियांगसू-झेजियांग क्षेत्र के एक व्यक्ति ने सबसे पहले 11 युआन की बोली लगाकर यह फ्लैट जीत लिया।
5.6 लाख रुपये है फ्लैट की अनुमानित कीमत
यह फ्लैट चीन के हेइलोंगजियांग प्रांत के हेगांग शहर में स्थित है। करीब 735 वर्गफीट में बने इस घर में दो बेडरूम हैं और यह इमारत की सातवीं मंजिल पर है। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 40 हजार युआन यानी भारतीय मुद्रा में लगभग 5.6 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस लिहाज से देखें तो विजेता को बेहद कम कीमत पर एक पूरा फ्लैट मिल गया। हालांकि, 155 रुपये में घर मिलने की कहानी के पीछे एक और शर्त भी है।
155 रुपये के अलावा देना होगा टैक्स
दरअसल, 11 युआन केवल नीलामी में लगाई गई बोली की रकम है। फ्लैट का कानूनी स्वामित्व हासिल करने के लिए विजेता को करीब 2,000 युआन यानी लगभग 28 हजार रुपये टैक्स के रूप में अलग से चुकाने होंगे।
बाकी रकम की भरपाई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की ओर से सब्सिडी के जरिए की गई है। यानी यह कोई सामान्य संपत्ति की नीलामी नहीं, बल्कि डबल 11 शॉपिंग फेस्टिवल के तहत चलाया गया विशेष प्रमोशनल ऑफर था।
यह भी पढ़े -कोर्ट बुलाने पर जेन जी ने किया मना, वजह जानकर वकील का घूमा सिर! सोशल मीडिया पर पोस्ट हो रही वायरल
सर्दियों में छुट्टियां बिताने के लिए करेगा इस्तेमाल
फ्लैट जीतने वाले शख्स ने भी इस नतीजे की उम्मीद नहीं की थी। उसने बताया कि फिलहाल उसका हेगांग शहर में रहने के लिए जाने का कोई इरादा नहीं है। वह इस घर का इस्तेमाल सर्दियों में छुट्टियां बिताने और बर्फबारी का आनंद लेने के लिए हॉलिडे होम के तौर पर करेगा।
चीन में इस तरह का ऑफर पहली बार सामने नहीं आया है। पिछले साल भी एक महिला ने इसी तरह की नीलामी में महज 11 युआन खर्च करके फ्लैट अपने नाम किया था। यही वजह है कि इस बार की नीलामी ने भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है।
Created On :  

