अजब गजब: डॉक्टर ने माना ‘नौसिखियों जैसी गलती’, ऑपरेशन में 45 साल की महिला की दोनों ओवरी भी निकालीं

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हांगकांग से मेडिकल लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक सीनियर सर्जन ने ऑपरेशन के दौरान ऐसी चूक कर दी, जिसका असर 45 साल की महिला की पूरी जिंदगी पर पड़ सकता है। डॉक्टर को महिला की बच्चेदानी (गर्भाशय) और फैलोपियन ट्यूब निकालनी थीं, लेकिन सर्जरी के दौरान उन्होंने गलती से दोनों ओवरी (अंडाशय) भी निकाल दीं। इस चूक को डॉक्टर ने खुद स्वीकार किया है और इसे ‘नौसिखियों जैसी गलती’ बताया है।
यह मामला हांगकांग के चाइनीज यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग (CUHK) मेडिकल सेंटर का है। जानकारी के मुताबिक, 12 सितंबर को 45 वर्षीय महिला की सर्जरी की गई थी। महिला को एंडोमेट्रियल लेजन यानी गर्भाशय की अंदरूनी परत से जुड़ी असामान्य समस्या होने का संदेह था। इसके चलते डॉक्टरों ने उसकी बच्चेदानी और दोनों फैलोपियन ट्यूब निकालने का फैसला लिया था। हालांकि, ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने दोनों अंडाशय भी निकाल दिए, जबकि सर्जरी की योजना में ऐसा शामिल नहीं था।
ऑपरेशन के दौरान कैसे हुई इतनी बड़ी चूक?
इस सर्जरी को प्रोफेसर चेउंग तक-होंग कर रहे थे। उन्होंने 'साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट' (SCMP) से बातचीत में अपनी गलती स्वीकार की। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था और उनका ध्यान एक खास हिस्से पर जरूरत से ज्यादा केंद्रित हो गया। इस दौरान वह पहले से तय सर्जरी की योजना को भूल गए।
चेउंग ने कहा कि इस गलती के लिए उनके पास कोई बहाना नहीं है। उनका मानना है कि जब कोई चूक होती है तो उसे स्वीकार करना और उसकी जिम्मेदारी लेना जरूरी है।
एक अन्य इंटरव्यू में भी उन्होंने इस गलती को ‘रूकी मिस्टेक’ यानी नौसिखियों जैसी चूक बताया। डॉक्टर ने महिला और उसके परिवार से व्यक्तिगत रूप से माफी मांगी है। उनके मुताबिक, महिला और उसके परिजनों ने उनकी माफी स्वीकार कर ली है।
सर्जन ने यह भी भरोसा दिलाया है कि वह आगे भी महिला के इलाज और देखभाल की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी कोशिश होगी कि इस गलती के कारण महिला को भविष्य में कम से कम परेशानियों का सामना करना पड़े। साथ ही, उन्होंने भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न होने देने के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही है।
अस्पताल ने भी मांगी माफी, स्वास्थ्य विभाग को दी जानकारी
बुधवार को CUHK मेडिकल सेंटर ने भी इस घटना पर बयान जारी किया। अस्पताल के CEO चुंग किन-लाई ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर की परिस्थितियों को समझने और उन पर नजर बनाए रखने की क्षमता कुछ समय के लिए प्रभावित हुई थी। यानी सर्जरी के दौरान उनका ध्यान भटक गया था।
अस्पताल प्रमुख ने इस घटना को मरीज और डॉक्टर, दोनों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल इस घटना से दुखी है और मरीज के साथ-साथ उसके परिवार से भी माफी मांगता है। अस्पताल ने मामले की जानकारी हांगकांग के स्वास्थ्य विभाग को भी दे दी है।
यह भी पढ़े -प्रमोशन के नाम पर महिला भागी दूर, तीन बार ठुकराया ऑफर, वजह जानकर आप भी जता सकते हैं सहमति!
डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई पर अभी फैसला नहीं
'द स्ट्रेट्स टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोफेसर चेउंग स्त्री रोग और प्रसूति विज्ञान के विशेषज्ञ हैं। उनकी विशेषज्ञता महिलाओं के प्रजनन अंगों से जुड़े कैंसर के इलाज यानी गाइनेकोलॉजिकल ऑन्कोलॉजी में है। वह CUHK मेडिकल सेंटर में कंसल्टेंट के साथ विश्वविद्यालय के मेडिकल स्कूल में मानद क्लीनिकल प्रोफेसर भी हैं।
फिलहाल, इस मामले में डॉक्टर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। चेउंग ने भी कहा है कि कार्रवाई के संबंध में अभी निर्णय लिया जाना बाकी है।
Created On :  


