Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हिंसा की आग! ढाका समेत 28 जिलों में बम धमाके, मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में भी आगजनी, सड़कों पर उतरी पुलिस

बांग्लादेश में हिंसा की आग! ढाका समेत 28 जिलों में बम धमाके, मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में भी आगजनी, सड़कों पर उतरी पुलिस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजधानी ढाका समेत देश के 28 जिलों में देसी बम फेंके गए। कई जगहों पर बसों में आग लगा दी गई।

डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश एक बार फिर राजनीतिक उथल-पुथल और हिंसा की चपेट में आ गया है। देश में राजनीतिक तनाव इतना बढ़ गया है कि राजधानी ढाका से लेकर कई अन्य जिलों तक बम धमाकों, आगजनी और हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। हालात ऐसे हैं कि सड़कों पर दहशत का माहौल है और राजनीतिक दलों के बीच टकराव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। यह हालात पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग की ओर से बुलाए गए 'लॉकडाउन' से ठीक पहले बने हैं।

ढाका में कई जगह बम धमाके, लोगों में दहशत

राजधानी ढाका में हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं। यहां अलग-अलग स्थानों पर देसी बमों के धमाके होने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजधानी ढाका समेत देश के 28 जिलों में देसी बम फेंके गए। कई जगहों पर बसों में आग लगा दी गई, जबकि राजनीतिक नेताओं के घरों को भी निशाना बनाया गया। पुलिस ने 24 घंटे के अभियान में सिर्फ ढाका से ही 565 लोगों को गिरफ्तार किया है, इनमें हसीना कैबिनेट के पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं।

मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में लगाई आग

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बुधवार रात 18 नवंबर को चटगांव के पंचलाइश इलाके में स्थित मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लग गई। बताया गया है कि रात करीब 11:30 बजे घर के ग्राउंड फ्लोर के एक पुराने और खाली कमरे में आग दिखाई दी। इस कमरे का इस्तेमाल पिछले करीब 10 से 15 वर्षों से नहीं हो रहा था। हालांकि, पुलिस की गश्ती टीम ने आग देखकर तुरंत कार्रवाई की और आग बुझा दी। पुलिस के मुताबिक, उस कमरे में पुराना फर्नीचर और कपड़े रखे हुए थे।

यूनुस के ग्रामीण बैंक की शाखाओं में भी आगजनी

बांग्लादेश में पिछले दो दिनों के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को भी निशाना बनाए जाने की खबर है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सिलहट, राजशाही, बारीसाल और फरीदपुर में ग्रामीण बैंक की शाखाओं में आगजनी की गई। इस हिंसा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। अखबारों की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री तारिक रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकर्ताओं ने रात के दौरान ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमला किया और वहां आग लगा दी। इन घटनाओं ने बांग्लादेश की राजनीति में पहले से जारी तनाव को और गहरा कर दिया है।

अवामी लीग के बंद के आह्वान से बढ़ा तनाव

बांग्लादेश में मौजूदा हिंसा के पीछे राजनीतिक तनाव को एक बड़ी वजह माना जा रहा है। दरअसल, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने 19 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन यानी बंद का आह्वान किया है। पार्टी की मांग है कि शेख हसीना को भारत से वापस बांग्लादेश आने दिया जाए। शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद अपनी सरकार गिरने पर बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। अब उनके दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताने से राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।

बता दें कि, 19 नवंबर का बंद ऐसे समय पर बुलाया गया है, जब पिछले साल इसी तारीख को विशेष न्यायाधिकरण ने शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोपों में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी।

Created On :  

Tags

Next Story