Cyclone Akvan Update: अर्नब और मुरासु के बाद अब अकवान मचाएगा तबाही! 19 को आंध्र के तट से टकराने के आसार, तेज हवा और भारी बारिश की चेतावनी

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। अर्नब और मुरासु के बाद चक्रवाती तूफान 'अकवान' देश के तटीय इलाकों में कहर मचा सकता है। बंगाल की खाड़ी में बना यह चक्रवात आज गंभीर तूफान में बदल सकता है। तेजी से आगे बढ़ रहे इस तूफान के 19 नवंबर की रात आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के आसार हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अकवान के तट से टकराने के दौरान 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इनकी रफ्तार बढ़कर 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आंध्र प्रदेश समेत ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय इलाको में 21 नवंबर को तेज हवा के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
यह भी पढ़े -चक्रवाती तूफान 'अकवान' की आहट, पहाड़ों पर बर्फबारी, यूपी-राजस्थान में बारिश का अलर्ट, मप्र का भी बदलेगा मौसम
फिर मचेगी तबाही
बीते तीन सप्ताह में यह आंध्र प्रदेश से टकराने वाला तीसरा तूफान होगा। इससे पहले अर्नब और मुरासु ने राज्य में तबाही मचाई थी। इन दोनों तूफानों से करीब 7 हजार करोड़ रुपये की फसल बर्बाद हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव 16 नवंबर यानि सोमवार को चक्रवाती तूफान अकवान में बदल गया। तब यह दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। 17 नवंबर की सुबह 8:30 बजे भी यह इसी क्षेत्र में बना हुआ था और धीरे-धीरे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा था। 17 नवंबर यानि आज यह गंभीर तूफान में परिवर्तित हो जाएगा।
इसके बाद तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 19 नवंबर की सुबह तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने के आसार हैं।
यह भी पढ़े -चक्रवात 'अकवान' के और तीव्र होने की संभावना, 18-19 नवंबर को चेन्नई में भारी बारिश के आसार
MP में भी दिखेगा असर
इस तूफान के असर से मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में भी मौसम बदल सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 और 22 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से लेकर 23 नवंबर तक कुछ स्थानों मे बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
Created On :  

