UP विधानसभा चुनाव: मिशन-2027 के लिए मथुरा में भाजपा का महामंथन, PDA की काट से लेकर कृष्ण मंदिर तक पर नजर

मिशन-2027 के लिए मथुरा में भाजपा का महामंथन, PDA की काट से लेकर कृष्ण मंदिर तक पर नजर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में भाजपा ने मथुरा में दो दिवसीय रणनीतिक बैठक की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम समेत करीब 50 वरिष्ठ नेता चुनावी रणनीति पर मंथन कर रहे हैं। बैठक में संगठन की मजबूती, सामाजिक समीकरण, अखिलेश यादव के PDA फॉर्मूले की काट और मथुरा के कृष्ण जन्मभूमि मुद्दे पर विशेष चर्चा हुई है।

डिजिटल डेस्क, मथुरा। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में 16 और 17 नवंबर को पार्टी की दो दिवसीय रणनीतिक बैठक आयोजित हुई, मीटिंग का आज दूसरा दिन था, इसमें BJP अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।



पार्टी की दो दिवसीय मंथन बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का दावा किया। बृजेश पाठक ने कहा कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं को सर्वोपरि मानते हुए जनता के बीच जाएगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन पर झूठ और फरेब की राजनीति करने का आरोप लगाया। पाठक ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश विकास और कानून व्यवस्था के मोर्चे पर नंबर एक है और भाजपा फिर सत्ता में लौटेगी।

वहीं, केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बैठक से कार्यकर्ता नए उत्साह और आत्मविश्वास के साथ लौट रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके सपने चूर-चूर होंगे और प्रदेश में फिर कमल खिलेगा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर मौर्य ने कहा, “अयोध्या हुई हमारी है, मथुरा की अब बारी है।” उन्होंने अखिलेश यादव को भव्य कृष्ण मंदिर निर्माण के लिए कारसेवक के रूप में मथुरा आने की चुनौती भी दी।

बैठक का मुख्य उद्देश्य 2027 के चुनाव के लिए राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक समीकरणों को मजबूत करना है। बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता, नए मतदाताओं, युवाओं और महिलाओं तक पहुंच, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क और विपक्ष के चुनावी एजेंडे का जवाब देने जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में हैं। टिकट वितरण, चुनावी तालमेल, सोशल मीडिया रणनीति और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की खबरें हैं।


PDA की काट और सामाजिक समीकरण पर नजर

बैठक में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को भाजपा के सामने एक अहम राजनीतिक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। दूसरी सत्तारूढ़ बीजेपी बसपा की सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय रणनीति को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है। आपको बता दें बीएसपी यूपी की तीसरी बड़ी पार्टी है, उसके मजबूत जाटव और एससी वोट बैंक के साथ मुस्लिम,अति पिछड़ा और सवर्ण वोटों का जाना भी बीजेपी के एक बड़ा खतरा बन सकता है। भाजपा इस नजरिए से भी विचार विमर्श कर रही है। इसको देखते हुए भाजपा की कोशिश विभिन्न सामाजिक वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करने और विपक्ष के नैरेटिव का जवाब तैयार करने की है। पहले दिन की चर्चा में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच को भी चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाने पर जोर रहा।

अयोध्या के बाद चर्चा में मथुरा का मुद्दा

मथुरा में बैठक आयोजित किए जाने को भी राजनीतिक और सांस्कृतिक महत्व से जोड़कर देखा जा रहा है। इसे लेकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है।" उन्होंने अखिलेश यादव को मथुरा में भव्य कृष्ण मंदिर निर्माण के लिए साथ आकर कारसेवा करने की चुनौती भी दी। मौर्य ने दावा किया कि भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

वहीं, मथुरा की बैठक पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ऐसी चिंतन बैठकें आगामी नीतियों, कार्यक्रमों और राजनीतिक-सामाजिक विषयों पर निर्णय लेने के लिए आयोजित की जाती हैं। इस बार विधानसभा चुनाव को देखते हुए महत्वपूर्ण रणनीतिक फैसले किए जा रहे हैं।

हेमा मालिनी ने कहा- चुनाव में पता चलेगा

समाजवादी पार्टी के PDA फॉर्मूले और दलित समर्थन के दावों पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि सभी दल अपने-अपने दावे करते हैं। 2027 में चुनाव होने पर ही पता चलेगा कि किसे समर्थन मिलता है। उन्होंने बताया कि चुनावी तैयारियों के लिए दो दिन की बैठक हो रही है।

इस बीच, सूत्रों के हवाले से यह भी खबर है कि मथुरा की बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली जा सकते हैं, जहां उनकी केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात होने की संभावना है। गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की चर्चाएं हैं। हालांकि, इस मुलाकात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुल मिलाकर, मथुरा की बैठक भाजपा के लिए केवल संगठनात्मक समीक्षा नहीं, बल्कि 2027 के चुनावी एजेंडे, सामाजिक समीकरणों और विपक्ष की रणनीति का जवाब तैयार करने की कवायद है।

Created On :  

Tags

Next Story