Pune City News: भारत इतिहास अनुसंधान मंडल के 10 हजार दुर्लभ दस्तावेज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध

भारत इतिहास अनुसंधान मंडल के 10 हजार दुर्लभ दस्तावेज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध
  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डिजिटलीकरण परियोजना के पहले चरण का किया उद्घाटन
  • 3 लाख ऐतिहासिक दस्तावेजों के साढ़े 6 लाख पन्नों को चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा ऑनलाइन

भास्कर न्यूज, पुणे। भारत इतिहास अनुसंधान मंडल में संरक्षित दुर्लभ ऐतिहासिक दस्तावेज अब दुनिया भर के शोधकर्ताओं और इतिहास प्रेमियों के लिए ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को मंडल की ऐतिहासिक दस्तावेजों के डिजिटलीकरण परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस चरण में करीब 10 हजार ऐतिहासिक दस्तावेज वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।

भारत इतिहास अनुसंधान मंडल पिछले 116 वर्षों से इतिहास अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। मंडल में संरक्षित ऐतिहासिक दस्तावेजों के माध्यम से मराठों के गौरवशाली इतिहास को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से इस परियोजना की शुरुआत की गई है। शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे की उपस्थिति में वर्ष 2021 में इस परियोजना का शुभारंभ हुआ था। अब इसके पहले चरण का उद्घाटन किया गया है।

वेबसाइट पर मिलेगी दुर्लभ दस्तावेजों की जानकारी

इस परियोजना के तहत www.bismarchives.in वेबसाइट पर दुर्लभ ऐतिहासिक दस्तावेजों और अमूल्य वस्तुओं की तस्वीरों के साथ जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मंडल के पास लगभग 3 लाख ऐतिहासिक दस्तावेज संरक्षित हैं। इनके करीब साढ़े 6 लाख पन्नों की डिजिटल प्रतियां चरणबद्ध तरीके से वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

इन दस्तावेजों में बखर, मुगल फरमान, हस्तलिखित पांडुलिपियां, ताम्रपत्र, चित्र, मानचित्र, मूर्तियां, शस्त्र, शिलालेख, भूमि संबंधी अभिलेख और दुर्लभ ग्रंथ शामिल हैं। इससे इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देश-विदेश के शोधकर्ताओं और विद्वानों तक आसानी से पहुंच सकेंगी।

दुनियाभर के शोधकर्ताओं को मिलेगा लाभ

मंडल के अध्यक्ष प्रदीप रावत ने बताया कि इस डिजिटलीकरण परियोजना के माध्यम से भारतीय इतिहास से संबंधित दुर्लभ और महत्वपूर्ण जानकारियां दुनिया भर के विद्वानों, शोधकर्ताओं और इतिहास प्रेमियों के लिए उपलब्ध होंगी। इससे ऐतिहासिक दस्तावेजों के अध्ययन और अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस परियोजना का डिजिटलीकरण कार्य चिन्मय भंडारी और मिथिलेश कुलकर्णी की ज्ञानसा कंपनी ने माइंडस्केप हब के सहयोग से पूरा किया है। परियोजना में मुरकुंबी इतिहास पहल और भांडारकर प्राच्यविद्या अनुसंधान संस्थान का भी सहयोग मिला है।

Created On :  

Tags

Next Story