Pune City News: सहकारनगर में 14 घंटे वाहनों की आवाजाही बंद, पुलिस ने तय किए वैकल्पिक रास्ते

भास्कर न्यूज, पुणे। सहकारनगर क्षेत्र के राजीव गांधी स्टेडियम में मंगलवार, 17 नवंबर को आयोजित होने वाले एक दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। चव्हाणनगर कमान से अहिल्यादेवी चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। यह बदलाव सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक लागू रहेगा। वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। वहीं, कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए चार स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार, सद्गुरु श्री शंकर महाराज के धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके चलते सहकारनगर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात जाम की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए सहकारनगर यातायात विभाग ने वाहनों की आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था में बदलाव किया है।
इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
- धनकवडी की ओर जाने वाले वाहन : पद्मावती से चिपकर सभागृह, हांडे शोरूम और तीनहत्ती चौक होते हुए धनकवडी की ओर जा सकेंगे।
- के.के. मार्केट की ओर जाने वाले वाहन : स्वामी विवेकानंद पुतला से कुमारवाडा पुल के ऊपर से मुड़कर अहिल्यादेवी चौक और बालाजीनगर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
चार जगह पार्किंग
कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं के दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए निम्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
1. शेतकरी होटल से आगे बड़े मोड़ के पास दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग रहेगी।
2. अण्णाभाऊ साठे सभागृह में दोपहिया और चारपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
3. गुरुराज सोसायटी के खुले मैदान में केवल दोपहिया वाहनों की पार्किंग होगी।
4. पद्मावती से शारदा आर्केड की ओर जाने वाले मार्ग के बाईं तरफ दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पुणे शहर यातायात शाखा के पुलिस उपायुक्त डॉ. संदीप भाजीभाकरे ने इस संबंध में यातायात बदलाव के आदेश जारी किए हैं। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
Created On :  
