Pune City News: पुणे के वैशाली और रूपाली होटल के फूड लाइसेंस निलंबित

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे के खानपान की पहचान माने जाने वाले फर्ग्युसन रोड स्थित वैशाली और रूपाली रेस्टोरेंट के फूड बिजनेस लाइसेंस खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। दोनों रेस्टोरेंट की रसोई में गंदगी, खाद्य पदार्थों के असुरक्षित भंडारण, कच्चे और पके हुए भोजन को एक साथ रखने तथा शौचालय के पास खाद्य पदार्थ तैयार करने जैसी गंभीर खामियां सामने आई हैं। इन खामियों के चलते दोनों रेस्टोरेंट को खाद्य पदार्थों की बिक्री, पार्सल और होम डिलीवरी बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। सुधार करने और एफडीए से लिखित अनुमति मिलने के बाद ही कारोबार दोबारा शुरू किया जा सकेगा।
एफडीए की ओर से चलाए जा रहे 'सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र' अभियान के तहत 13 नवंबर को दोनों रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
वैशाली में शौचालय के पास तैयार हो रहा था खाना
वैशाली रेस्टोरेंट की जांच में 98 में से केवल 58 अंक मिले। इसके आधार पर रेस्टोरेंट को नियमों का पालन नहीं करने वाली (नॉन-कम्प्लायंस) श्रेणी में रखा गया। जांच में सामने आया कि रसोई में जगह की कमी के कारण कच्चे खाद्य पदार्थ रखने वाला फ्रीजर महिलाओं के शौचालय के पास रखा गया था। वहीं, डोसा और उत्तपम बनाने का तवा पुरुषों के शौचालय के बगल में लगाया गया था। धुले हुए बर्तन भी शौचालय के सामने रखी टेबल पर रखे गए थे।
इसके अलावा उबले आलू, पके हुए चावल और अन्य तैयार खाद्य पदार्थ खुले कॉरिडोर में रखे मिले। इडली-डोसा का घोल तैयार करने की प्रक्रिया भी असुरक्षित स्थान पर चल रही थी। कच्ची सब्जियां तैयार भोजन के ऊपर रखी गई थीं, जिससे भोजन दूषित होने का खतरा था।
जांच में कीटों को रोकने वाले दरवाजे, खाद्य पदार्थों के तापमान का रिकॉर्ड, पीने के पानी की नवीनतम जांच रिपोर्ट और फॉस्टैक प्रशिक्षित सुपरवाइजर की उपलब्धता जैसी जरूरी व्यवस्थाएं भी नहीं मिलीं। खास बात यह है कि जून 2026 में भी रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर सुधार के लिए नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद खामियां दूर नहीं की गईं।
रूपाली में भी खाद्य पदार्थों के भंडारण में लापरवाही
रूपाली रेस्टोरेंट की जांच में रसोई खुली और असुरक्षित पाई गई। इससे धूल, गंदगी और कीटों के प्रवेश की आशंका थी। परिसर में पानी जमा होने, साफ-सफाई की कमी और कचरे के अनुचित प्रबंधन जैसी समस्याएं भी मिलीं।
कच्चे माल, आधे तैयार और पूरी तरह तैयार खाद्य पदार्थों को उचित तरीके से ढककर नहीं रखा गया था। इन पर लेबल और इस्तेमाल की अंतिम तारीख भी दर्ज नहीं थी। कच्चे और पके हुए भोजन को अलग रखने की व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा तापमान नियंत्रण का रिकॉर्ड, खाद्य सुरक्षा प्रबंधन योजना (एफएसएमएस), मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और कर्मचारियों के प्रशिक्षण से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।
सुधार के बाद होगी दोबारा जांच
सहआयुक्त श्रीकांत आर. करकले के मार्गदर्शन में पदनिर्देशित अधिकारी एवं सहायक आयुक्त सय्यद इमरान हाश्मी के आदेश पर दोनों रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई की गई है। एफडीए के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों को पहले सभी कमियां दूर करनी होंगी। इसके बाद विभाग की ओर से दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित होने और विभाग से लिखित अनुमति मिलने के बाद ही दोनों रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की बिक्री, पार्सल और होम डिलीवरी शुरू हो सकेगी।
Created On :  
