Pune City News: 90 लाख के गहने लेकर फरार कुरियर कर्मचारी यूपी से गिरफ्तार

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे से मुंबई भेजे जा रहे 90 लाख 33 हजार रुपए के सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर फरार हुए कुरियर कंपनी के कर्मचारी समेत चार आरोपियों को खड़क पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने तीन महीने में तीन बार उत्तर प्रदेश का दौरा किया। इस दौरान जांच टीम ने महज 25 दिनों में 10 हजार किलोमीटर से अधिक का सफर तय किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 26 लाख 33 हजार रुपए के सोने-चांदी के गहने और नकदी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल सत्यपालसिंह चौहान (20), विकासकुमार रामबीरसिंह जाधोन (25), बिनेश सत्यपालसिंह चौहान (27) और ब्रिजेश सुरेंद्रसिंह चौहान (18) के रूप में हुई है। सभी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। इनमें विशाल, विकासकुमार और बिनेश एटा जिले के रहने वाले हैं, जबकि ब्रिजेश कासगंज का निवासी है।
मुंबई पहुंचाने के लिए दिया था पार्सल
पुलिस के अनुसार, घोरपड़ी पेठ निवासी जितेंद्र ऋषिकेश सिंह (33) एसजीएलजेपी लॉजिस्टिक नाम से कुरियर व्यवसाय चलाते हैं। उनकी कंपनी ग्राहकों के सोने-चांदी के गहने और नकदी एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाती है। 5 अगस्त को जितेंद्र सिंह ने अपने कर्मचारी विशाल चौहान को 90 लाख 33 हजार रुपए के गहने और नकदी का पार्सल मुंबई स्थित कार्यालय पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी थी।
विशाल पुणे से मुंबई जाने वाली एसटी बस में सवार हुआ, लेकिन रास्ते में वाकड पुल के पास उतर गया। इसके बाद वह पार्सल लेकर फरार हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर जितेंद्र सिंह ने खड़क पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
रिश्तेदारों के घर छिपा था आरोपी
शिकायत के बाद पुलिस ने विशाल की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि वह उत्तर प्रदेश में अपने रिश्तेदारों के घर छिपा हुआ है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि विशाल ने अपने भाई बिनेश चौहान, दोस्त विकासकुमार जाधोन, राधेश्याम उर्फ पिंकू चौहान और ब्रिजेश चौहान के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी।
आरोपियों की तलाश में सहायक पुलिस निरीक्षक प्रसन्न जरहाडे और उनकी टीम ने उत्तर प्रदेश के एटा, कासगंज, गौतम बुद्ध नगर, नोएडा और देहरादून के साथ उत्तराखंड के अन्य इलाकों में भी छानबीन की। पुलिस ने मोबाइल फोन की तकनीकी जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों के ठिकानों का पता लगाया। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
दो सोने के बिस्किट और सात लाख नकद बरामद
पूछताछ के दौरान पुलिस ने विकासकुमार जाधोन के घर से 120 ग्राम वजन के सोने के दो बिस्किट बरामद किए। इनकी कीमत 16 लाख 80 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा ब्रिजेश चौहान के घर से 7 लाख रुपए नकद, सोने की एक अंगूठी और चांदी की एक चेन जब्त की गई। पुलिस ने अब तक कुल 26 लाख 33 हजार रुपए का माल बरामद किया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त कृषिकेश रावले, सहायक पुलिस आयुक्त सचिन हिरे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक धनंजय पिंगले, पुलिस निरीक्षक शर्मिला सुतार और समाधान पवार के मार्गदर्शन में की गई। जांच टीम में सहायक पुलिस निरीक्षक प्रसन्न जरहाडे, पुलिस उपनिरीक्षक महेंद्र कांबले, राहुल मखरे तथा पुलिसकर्मी विनोद शिंदे, मयूर भोसले, हेमंत पेरणे, निलेश साबले, विकास पांडुले और सैफ नदाफ सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।
Created On :  
