Pune City News: शिक्षकों का वरिष्ठ और चयन वेतन श्रेणी प्रशिक्षण शुरू

शिक्षकों का वरिष्ठ और चयन वेतन श्रेणी प्रशिक्षण शुरू
200 अंकों पर होगा मूल्यांकन, पास होने के लिए 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य

भास्कर न्यूज, पुणे। राज्य के प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक और अध्यापक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए वरिष्ठ एवं चयन वेतन श्रेणी प्रशिक्षण 13 नवंबर से शुरू हो गया है। प्रशिक्षण 22 नवंबर तक जिला और तहसील स्तर पर दिया जाएगा। राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों और जिला परिषद कार्यालयों को समय-सारिणी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

इससे पहले राज्यस्तरीय और जिलास्तरीय प्रशिक्षण 28 अक्टूबर तक पूरा किया जा चुका है। अब जिला और तहसील स्तर पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का कुल मूल्यांकन 200 अंकों का होगा। इसमें पास होने के लिए कम से कम 50 प्रतिशत यानी 100 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। मूल्यांकन दो चरणों में किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान 100 अंकों का मूल्यांकन होगा। इसमें तकनीक के उपयोग से संबंधित 5 स्वाध्याय के लिए 50 अंक और लिखित परीक्षा के लिए 50 अंक निर्धारित किए गए हैं।

वहीं, प्रशिक्षण पूरा होने के बाद 100 अंकों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें 5 लिखित स्वाध्याय के लिए 50 और प्रोजेक्ट अथवा रिसर्च रिपोर्ट के लिए 50 अंक मिलेंगे। हर चरण में कम से कम 25 और हर स्वाध्याय में न्यूनतम पांच अंक प्राप्त करना जरूरी होगा। 50 प्रतिशत से कम अंक मिलने पर संबंधित शिक्षक को फेल घोषित किया जाएगा। ऐसे शिक्षकों को दोबारा पंजीयन कर शुल्क भरने के बाद प्रशिक्षण पूरा करना होगा।

50 से 200 प्रशिक्षणार्थियों की क्षमता के अनुसार बनेंगे केंद्र

जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थानों के प्राचार्य जिला प्रशिक्षण प्रमुख होंगे। वहीं, तहसील स्तर पर वरिष्ठ अधिव्याख्याता या अधिव्याख्याता को केंद्र समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है। समन्वयकों को प्रशिक्षण केंद्र पर पूरे समय उपस्थित रहकर प्रशिक्षण की निगरानी करनी होगी। आवश्यकता पड़ने पर केंद्र प्रमुख, विस्तार अधिकारी, समूह शिक्षणाधिकारी या अध्यापकाचार्य को भी समन्वयक नियुक्त किया जा सकेगा।

प्रशिक्षण केंद्रों का चयन उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर किया जाएगा। हर केंद्र पर न्यूनतम एक कक्षा में 50 और अधिकतम चार कक्षाओं में 200 प्रशिक्षणार्थियों की व्यवस्था की जा सकेगी। कक्षाओं के चयन में स्वच्छ और सुविधायुक्त कमरों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों पर पीने का पानी, अलग शौचालय, इंटरनेट, एलसीडी प्रोजेक्टर और स्मार्ट क्लास रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है।

मोबाइल पर देनी होगी पूर्व और पश्चात परीक्षा

प्रशिक्षणार्थियों को मोबाइल से पूर्व और पश्चात की परीक्षा देना अनिवार्य होगा। इसके अलावा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और उससे संबंधित अध्ययन सामग्री पढ़ने का भी निर्देश दिया गया है। प्रशिक्षण के दौरान हर सत्र में उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा। इसके लिए पोर्टल से दैनिक हस्ताक्षर पत्रक डाउनलोड कर उपस्थिति दर्ज करनी होगी और निर्धारित समय में उसे पोर्टल पर अपलोड करना होगा। प्रशिक्षणार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित कर उसकी प्राप्ति भी दर्ज की जाएगी। प्रशिक्षण के अंतिम दिन लिखित परीक्षा आयोजित कर उपस्थिति प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

40 दिनों में जमा करना होगी प्रोजेक्ट रिपोर्ट

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद 40 दिनों के भीतर सभी प्रशिक्षणार्थियों को 5 स्वाध्याय और प्रोजेक्ट रिपोर्ट जमा करनी होगी। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद सुविधादाताओं को मूल्यांकन के लिए दो दिनों तक आमंत्रित किया जाएगा। एक बार पोर्टल पर अंक दर्ज होने के बाद उनमें बदलाव नहीं किया जा सकेगा। एससीईआरटी ने सभी संबंधित संस्थाओं को निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए प्रशिक्षण की सफलतापूर्वक क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए हैं।

Created On :  

Tags

Next Story