Pune City News: 10वीं-12वीं की परीक्षाओं का अंतिम कार्यक्रम जारी

भास्कर न्यूज, पुणे। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल ने फरवरी-मार्च 2027 में होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं का अंतिम कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके अनुसार, 12वीं की लिखित परीक्षा 6 फरवरी से 18 मार्च तक और 10वीं की लिखित परीक्षा 15 फरवरी से 15 मार्च तक आयोजित की जाएगी। विषयवार विस्तृत समय-सारणी 6 दिसंबर से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
राज्य मंडल के सचिव डॉ. दीपक माली ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। राज्य की नौ विभागीय मंडलों के माध्यम से ये परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें पुणे, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर, मुंबई, कोल्हापुर, अमरावती, नासिक, लातूर और कोंकण मंडल शामिल हैं।
जनवरी से शुरू होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं
मंडल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 12वीं के विद्यार्थियों की प्रायोगिक, श्रेणी, मौखिक और आंतरिक मूल्यांकन की परीक्षाएं 20 जनवरी से 6 फरवरी तक होंगी। वहीं, 10वीं के विद्यार्थियों की प्रायोगिक, श्रेणी, मौखिक और आंतरिक मूल्यांकन की परीक्षाएं 28 जनवरी से 13 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी।
स्कूलों से मिलने वाला टाइम टेबल होगा अंतिम
मंडल ने स्पष्ट किया है कि वेबसाइट पर जारी होने वाली समय-सारणी केवल जानकारी के लिए है। स्कूलों और जूनियर कॉलेजों के माध्यम से विद्यार्थियों को दिया जाने वाला प्रिंटेड टाइम टेबल ही अंतिम माना जाएगा। विद्यार्थियों को उसी के अनुसार परीक्षा की तैयारी करनी चाहिए। इसके साथ ही अन्य वेबसाइटों या सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली समय-सारणी पर भरोसा नहीं करने की अपील की गई है। विषयवार विस्तृत टाइम टेबल मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.mahahsscboard.in पर उपलब्ध होगा।
Created On :  
