Pune City News: लौटी पीतल की चमक, लक्ष्मी-गणेश की मूितर्यां-पूजा थाली का चलन बढ़ा

भास्कर न्यूज, पुणे। दिवाली में घरों की सजावट, मिठाइयों और कपड़ों के साथ अपनों को उपहार देने की तैयारी भी जोर पकड़ने लगती है। खासकर दिवाली पर दोस्तों, रिश्तेदारों, परिवार के सदस्यों और परिचितों को कुछ खास देने के लिए लोग बाजारों में नए-नए विकल्प तलाश रहे हैं। पुणे के बाजारों में दिवाली गिफ्टिंग के लिए पारंपरिक से लेकर आधुनिक डिजाइन तक कई आकर्षक विकल्प उपलब्ध हैं। पीतल के पारंपरिक उपहारों के साथ डिजाइनर पूजा थाली, लटकने वाले दीये, सजावटी बाउल, गिफ्ट हैंपर, डेकोरेटिव ट्रे, गिफ्ट बैग और होम डेकोर आइटम्स ग्राहकों का ध्यान खींच रहे हैं।
पीतल के उपहारों की फिर बढ़ी चमक
पीतल के गणपति और लक्ष्मी की मूर्तियां, समई, दीपक, पूजा थाली, कटोरियां, ग्लास, बाउल और प्लेट के सेट उपहार के रूप में पसंद किए जा रहे हैं। पारंपरिक होने के साथ-साथ उपयोगी होने के कारण इन उत्पादों को परिवार और रिश्तेदारों के लिए खास उपहार के तौर पर देखा जा रहा है। पीतल के बर्तनों और पूजा सामग्री की अलग-अलग डिजाइन और आकार में उपलब्धता ग्राहकों को आकर्षित कर रही है। दिवाली गिफ्टिंग में केवल पारंपरिक सामान ही नहीं, बल्कि आकर्षक और डिजाइनर उत्पादों की भी बड़ी रेंज बाजार में उपलब्ध है। रंग-बिरंगी डेकोरेटिव पूजा थालियां, कुंदन और मोती से सजी थालियां, पूजा की सजावटी ट्रे, दीपक सेट, रोली-चावल की कटोरियां और आकर्षक पूजा किट ग्राहकों के लिए खास विकल्प हैं। इसके अलावा डिजाइनर गिफ्ट बैग, सजावटी बॉक्स, ड्राई फ्रूट पैकिंग बॉक्स और तैयार गिफ्ट हैंपर भी खरीदारी का हिस्सा बन रहे हैं। लोग अब उपहार के साथ उसकी पैकिंग और प्रस्तुति पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं।
पीतल के होम डेकोर आइटम्स की भी अच्छी रेंज बाजार में मौजूद है। सजावटी कैंडल होल्डर, डिजाइनर दीये, लालटेन, वॉल हैंगिंग, आर्टिफिशियल फूलों की सजावट, टेबल डेकोर, शोपीस, डेकोरेटिव बाउल और लाइटिंग आइटम्स उपहार के लिए पसंद किए जा रहे हैं। ग्राहक ऐसे सामान खरीदना पसंद कर रहे हैं जो घर की सजावट में भी इस्तेमाल हो सकें।
वसुबारस पर पीतल की कामधेनु
दिवाली के दौरान वसुबारस पर कामधेनु की पूजा का विशेष महत्व होता है। इसी को देखते हुए बाजारों में पीतल से बनी कामधेनु की मांग देखने को मिल रही है। ग्राहक पारंपरिक मूर्तियों के साथ-साथ अलग-अलग डिजाइन और आकार में उपलब्ध पीतल की कामधेनु की जोड़ी खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। बाजार में छोटी सजावटी मूर्तियों से लेकर बड़ी और आकर्षक डिजाइन वाली मूर्तियों तक कई विकल्प उपलब्ध हैं। कुछ मूर्तियों पर बारीक नक्काशी और आकर्षक फिनिशिंग की गई है, जिससे वे पूजा के साथ-साथ घर की सजावट के लिए भी पसंद की जा रही हैं। वसुबारस के मौके पर इन मूर्तियों को उपहार के रूप में देने का भी चलन है।
पीतल की समई और एंटीक आइटम
बाजार में पीतल की समई, एंटीक आइटम, हाथी की मांग बढ़ी है। इसके अलावा लक्ष्मी-कुबेर यंत्र, श्री यंत्र और लटकते दीयों को भी ग्राहक पसंद कर रहे हैं। इस साल पीतल की कीमतें करीब 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ गई हैं। इसके बावजूद ग्राहकों में पारंपरिक और सजावटी पीतल की वस्तुओं को लेकर उत्साह बना हुआ है। यह जानकारी कीर्ति कलेक्शन के सुबोध आंबवणे बताया।
दोस्तों से लेकर कॉर्पोरेट गिफ्टिंग तक के विकल्प
गिफ्टिंग की जरूरत हर व्यक्ति और रिश्ते के हिसाब से अलग होती है। दोस्तों के लिए छोटे और आकर्षक गिफ्ट, रिश्तेदारों के लिए पूजा सामग्री और बर्तन के सेट, परिवार के लिए होम डेकोर और कॉर्पोरेट गिफ्टिंग के लिए ड्राई फ्रूट हैंपर, सजावटी बॉक्स और कस्टमाइज्ड गिफ्ट पैक बाजार में उपलब्ध हैं। इसके अलावा छोटी-छोटी वस्तुओं के रिटर्न गिफ्ट सेट भी ग्राहकों के लिए विकल्प बन रहे हैं।
पुणे के बाजारों में खरीदारी के कई ठिकाने
दिवाली गिफ्टिंग की खरीदारी के लिए पुणे के तुलसीबाग, लक्ष्मी रोड, रविवार पेठ और बोहरी आली जैसे बाजार महत्वपूर्ण हैं। तुलसीबाग में पूजा सामग्री, डेकोरेटिव आइटम्स, गिफ्ट बैग और त्योहार से जुड़ी छोटी-बड़ी वस्तुओं की खरीदारी की जा सकती है। बोहरी आली में बर्तन, क्रॉकरी और घरेलू उपयोग की वस्तुओं के विकल्प मिलते हैं। रविवार पेठ में गिफ्ट आर्टिकल्स और सजावटी सामान की दुकानें हैं, जबकि लक्ष्मी रोड पर त्योहारों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की आवाजाही रहती है।
पारंपरिक रंगोली के साथ रेडीमेड और कुंदन रंगोली का बढ़ा क्रेज
रंगोली को शुभता का प्रतीक माना जाता है। समय के साथ रंगोली बनाने का अंदाज भी बदल रहा है। अब बाजार में रेडीमेड और डिजाइनर रंगोली के कई आकर्षक विकल्प उपलब्ध हैं। कुंदन रंगोली, मोती और स्टोन वर्क वाली रंगोली, मल्टीकलर डिजाइनर और रेडीमेड रंगोली सेट ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। इसके अलावा रंगोली स्टिकर्स भी लोगों की पसंद बन रहे हैं। फूलों की डिजाइन, गणपति, लक्ष्मी के चरण, शुभ-लाभ और पारंपरिक आकृतियों वाले स्टिकर्स की भी रेंज उपलब्ध है।
Created On :  
