- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- तेज रफ्तार स्कूल बस ने स्कूटर को...
Pune City News: तेज रफ्तार स्कूल बस ने स्कूटर को मारी टक्कर, छात्र की मौत

भास्कर न्यूज, पुणे। घोरपड़ी के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक चौक में तेज रफ्तार मिनी स्कूल बस ने स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटर पर पीछे बैठे 16 वर्षीय छात्र रोहित लक्ष्मण कुदले की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी 18 वर्षीय बहन रिया लक्ष्मण कुदले गंभीर रूप से घायल है। दोनों मांजरी के रहने वाले हैं।
रिया स्कूटर चला रही थी और रोहित पीछे बैठा था। दोनों स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूल बस ने उनकी स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय नागरिकों ने तुरंत दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान रोहित की मौत हो गई, जबकि रिया का इलाज जारी है।
चालक के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में रिया की शिकायत पर वानवडी पुलिस थाने में बस चालक सागर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप है। पुलिस हादसे के समय बस की गति, चालक की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना ने स्कूल बस चालकों और दोपहिया वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।
Created On :   1 Oct 2026 6:17 PM IST












