Pune City News: नाना पेठ के वर्चस्व विवाद में ठोंबरे गिरोह पर मकोका

नाना पेठ के वर्चस्व विवाद में ठोंबरे गिरोह पर मकोका
वनराज आंदेकर हत्याकांड से जुड़े मामले में पुलिस की कार्रवाई

भास्कर न्यूज, पुणे। नाना पेठ में वर्चस्व को लेकर चल रहे विवाद के बीच पुलिस ने सूरज ठोंबरे और उसके साथियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त अमितेशकुमार ने इस कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, आंदेकर गिरोह के प्रमुख कृष्णा आंदेकर और उसके साथियों पर अदालत परिसर में हमला करने की तैयारी की जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद भारती विद्यापीठ पुलिस ने ठोंबरे और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मकोका के तहत कार्रवाई किए गए आरोपियों में सूरज अशोक ठोंबरे (24), वेदांत रोहित सावंत (21), अथर्व दत्तात्रय खोपडे (21), धीरज लखारा और मानव शरद ढमाले (24) शामिल हैं। इस मामले में वेदांत सावंत, अथर्व खोपडे और धीरज लखारा को गिरफ्तार किया गया है। सूरज ठोंबरे और मानव ढमाले फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

पुलिस का कहना है कि सूरज ठोंबरे गायकवाड का करीबी साथी है। गायकवाड के जेल में रहने के दौरान ठोंबरे गिरोह की गतिविधियां संभाल रहा था। कृष्णा आंदेकर को अदालत से ले जाते समय उस पर हमला करने की साजिश रचने की जानकारी पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस ने ठोंबरे के साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। ठोंबरे के खिलाफ हत्या के प्रयास, गंभीर चोट पहुंचाने, धमकी देने, पिस्तौल रखने और दहशत फैलाने जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

भारती विद्यापीठ पुलिस ने ठोंबरे गिरोह के खिलाफ मकोका लगाने का प्रस्ताव तैयार किया था। यह प्रस्ताव अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश बनसोडे और पुलिस उपायुक्त मिलिंद मोहिते को भेजा गया था। प्रस्ताव की जांच के बाद पुलिस आयुक्त अमितेशकुमार ने मकोका कार्रवाई के आदेश दिए।

शोएब कुरेशी गिरोह पर भी मकोका

विश्रांतवाड़ी और येरवडा इलाके में दहशत फैलाने वाले आरोपी शोएब कुरेशी और उसके साथियों के खिलाफ भी मकोका की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने शोएब रशीद कुरेशी (26), हुसेन असलम खान (21) और राज मुकेश सरवदे (21) को गिरफ्तार किया है। कुरेशी के साथ अपराध में शामिल एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, कुरेशी और उसके साथियों ने एक युवक पर हमला किया था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अतिरिक्त धाराएं लगाई गई थीं। इसके बाद मकोका कार्रवाई का प्रस्ताव अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज पाटील को भेजा गया था। प्रस्ताव को हाल ही में मंजूरी दी गई।

Created On :   28 Aug 2026 5:43 PM IST

Tags

Next Story