Maharashtra News: राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले पुणे कॉलेज में बवाल, ABVP-NSUI के छात्रों में झड़प

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पुणे में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम से एक दिन पहले माहौल गरमा गया। शुक्रवार को COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में ABVP और NSUI से जुड़े छात्रों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान मारपीट भी हुई। घटना की खबर मिलते ही कांग्रेस के कई नेता कॉलेज पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने वहां विरोध शुरू कर दिया। मौके पर पुलिस की टीम भी पहुंची और सुरक्षा बढ़ा दी गई। बताया जा रहा है कि झड़प में कांग्रेस के दो कार्यकर्ता घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए संचेती अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद राहुल गांधी के कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
यह भी पढ़े -युवा, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर बोले बीजेपी, कांग्रेस नेताओं ने इन मुद्दों पर साथ देने और तालिया बजाने की कही बात
कॉलेज में दोनों छात्र संगठनों के बीच हुआ झगड़ा
शुक्रवार को COEP के हॉस्टल कैंपस में ABVP और NSUI के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के बाद कॉलेज में तनाव बढ़ गया और पुलिस को बुलाया गया।
कांग्रेस नेताओं ने मौके पर शुरू किया प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार कॉलेज पहुंचे। उनके साथ सतेज पाटील और विश्वजीत कदम भी वहां पहुंचे। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस की बड़ी टीम मौके पर मौजूद रही। मारपीट में घायल दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संचेती अस्पताल में भर्ती कराया गया। कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात भी की।
यह भी पढ़े -बीजेपी ने जिस नेता को किया था दरकिनार, अब यूपी में उसके ही सहारे, बिहार और हरियाणा में दिखा चुके कमाल, विनोद तावड़े के 'कमबैक' की इनसाइड स्टोरी
राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले बढ़ी चिंता
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 22 अगस्त को पुणे में होना है। कार्यक्रम से ठीक पहले कॉलेज में हुई इस घटना ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी यह साफ नहीं है कि विवाद किस बात से शुरू हुआ और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। दोनों पक्षों की बात सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ होगी।
Created On :   22 Aug 2026 9:31 AM IST









