Delhi Slap Incident: थप्पड़ कांड में फंसे मंत्री प्रवेश वर्मा! दिल्ली पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की रेखा सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा की थप्पड़ मामले में मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मामले में दिल्ली पुलिस ने एक्शन लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मंत्री के खिलाफ जानबूझकर चोट पहुंचाने के आरोप लगाए हैं और नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस रिपोर्ट का मतलब होता है कि मामले की डीडी में एंट्री हो गई है और पुलिस थप्पड़ कांड की जांच करेगी।
यह भी पढ़े -सैन्य ट्रेनिंग, समुद्री सुरक्षा व रक्षा उद्योग जैसे विषयों पर फिजी व इथियोपिया के साथ वार्ता
AAP ने गिरफ्तारी की मांग
दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर हमला किया है। सोमवार को जारी एक बयान में उन्होंने भाजपा नेता और मंत्री प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाले स्थानीय लोगों के सवालों पर मंत्री ने अपना आपा खो दिया था।
सौरभ भारद्वाज ने लगाए ये आरोप
इसके अलावा, दिल्ली आप इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके के आप विधायक जनरैल सिंह और स्थानीय लोगों ने हाथ से सड़क की सामग्री उखाड़ी, तो प्रवेश वर्मा उनके सवालों का जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद उन्होंने एक युवक को थप्पड़ मार दिया। उन्होंने आगे बताया कि इसके बाद मंत्री घटनास्थल से चले गए।
यह भी पढ़े -प्रवेश वर्मा मामले में शाइना एनसी बोलीं-सार्वजनिक जीवन में संयम जरूरी, लेकिन उकसावे पर प्रतिक्रिया भी स्वाभाविक
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली के तिलक नगर में रविवार को मंत्री प्रवेश वर्मा निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यहां पर आप विधायक जनरैल सिंह और स्थानीय लोग मौजूद थे। इस दौरान आप विधायक और लोग अपने हाथों से सड़क उखाड़कर मंत्री को दिखा रहे थे। इस दौरान साहिब सिंह नाम का युवक वीडियो बना रहा था, जिसे मंत्री ने जोरदार थप्पड़ मार दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें प्रवेश वर्मा साहिब सिंह को थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस मामले में उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि युवक ने उनके परिवार को अपशब्द कहे थे।
Created On :   28 Sept 2026 9:50 PM IST








