यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-AIMIM में जुबानी जंग: अखिलेश यादव पर ओवैसी की पार्टी का हमला, PDA फॉर्मूले का बताया सही अर्थ

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी पारा हाई है। इसी के साथ-साथ सियासी दलों के नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है। इसका ताजा उदाहरण असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और समाजवादी पार्टी के बीच देखने को मिल रहा है। दरअसल, बीते काफी समय से एआईएमआईएम के सपा के साथ गठबंधन करने की खबरें सामने आ रहे हैं। लेकिन, ओवैसी की पार्टी को सपा का सहारा मिलता नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में अब एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव और उनके पीडीए फॉर्मूले पर निशाना साधा है।
यह भी पढ़े -थप्पड़ कांड विपक्ष ने साधा निशाना, कहा-भाजपा ने सिस्टम को अपने हाथ में लिया, उन्हें वोटरों का डर नहीं
एआईएमआईएम नेता ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना
एआईएमआईएम नेता शादाब चौहान ने कहा कि पांच मिनट के लिए टोपी पहनने वाले अखिलेश पांच सालों तक मुसलमान को ठगते रहे। मुसलमानों पर 9 सालों से अत्याचार हो रहा है। उनके धार्मिक स्थल तोड़े जा रहे है। समाजवादी पार्टी के पास कई मुस्लिम विधायक और सांसद है। इसके बाद भी उनका कोई विधायक और सांसद कभी कौम के लिए नहीं खड़ा हुआ।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज अब अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी चाहता है और उसे किसी पार्टी का राजनीतिक गुलाम मानकर नहीं चला जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और बीजेपी की राजनीति में मुस्लिम समाज को राजनीतिक रूप से हाशिए पर रखने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़े -रोहित पवार ने किसानों के लिए तुरंत मदद की मांग की, कहा-'1972 के ऐतिहासिक सूखे से भी बदतर हालात'
पीडीए फॉर्मूले पर उठाए सवाल
AIMIM प्रवक्ता ने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन के लिए तैयार है, लेकिन इसमें राजनीतिक हिस्सेदारी और सम्मान जरूरी है। “PDA में जब तक A फॉर ओवैसी नहीं होगा, तब तक वह गठबंधन नहीं, सिर्फ ठग बंधन होगा और उसे कोई वोट नहीं मिलने वाला है। अब देश का मुसलमान एक जन आंदोलन के तैयार है और ओवैसी को अपना रहनुमान मान चुका है। वो अब किसी के बहकावे में नहीं आने वाला है। अगर विपक्ष ईमानदारी से बीजेपी को हराना चाहता है तो वोटो का बंटवारा रोकना होगा। सभी को मिलकर चुनाव लड़ना होगा। कुछ राजनीतिक दलों में इस बात का अहंकार है कि बाकी दल उनकी शर्तों पर चलें।
शादाब चौहान ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी ने पहले ही कहा था कि अगर लोग बीजेपी को ईमानदारी से हराना चाहते हैं तो साथ आकर लड़ना होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग 2017, 2019 और 2024 में बीजेपी को नहीं हरा पाए, वे अकेले 2027 में उसे कैसे हरा पाएंगे?
Created On :   28 Sept 2026 6:33 PM IST






