Pune City News: दीपावली पर सराफा बाजारों में छाई सोने-चांदी की चमक

भास्कर न्यूज, पुणे। दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही सराफा बाजारों की रौनक बढ़ गई है। धनतेरस और लक्ष्मी पूजन के शुभ अवसर पर सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ मानने वाले ग्राहक बड़ी संख्या में ज्वेलरी शोरूम और सराफा दुकानों का रुख कर रहे हैं। लक्ष्मी रोड, तुलसीबाग, कैंप, एम.जी. रोड, सदाशिव पेठ, रविवार पेठ और पिंपरी-चिंचवड़ के बाजारों में पारंपरिक आभूषणों से लेकर आधुनिक डिजाइन की ज्वेलरी ग्राहकों को आकर्षित कर रही है। इस साल ज्वेलरी बाजार में कोल्हापुरी स्टाइल की गोल्ड ज्वेलरी, मोतियों वाले मंगलसूत्र, कुंदन बैंगल्स और हल्के वजन के सोने के गहनों की खास मांग देखने को मिल रही है। वहीं, चांदी के सिक्कों, पूजा सामग्री और गिफ्ट आइटम्स की खरीदारी भी दिवाली के मौके पर जोर पकड़ रही है।
परिधान के अनुसार खरीद रहे ज्वेलरी
त्योहारों के साथ शादी-ब्याह के सीजन को ध्यान में रखते हुए ग्राहक ऐसे आभूषण खरीद रहे हैं, जिन्हें पारंपरिक और आधुनिक दोनों तरह के परिधानों के साथ पहना जा सके। कोल्हापुरी डिजाइन की गोल्ड ज्वेलरी, पारंपरिक लुक वाले नेकलेस और मोतियों से सजे मंगलसूत्र महिलाओं की पसंद बन रहे हैं। लाख से बने आभूषण भी ग्राहकों का ध्यान खींच रही हैं। महिलाओं के बैंगल्स में इस साल कुंदन की खूबसूरत और आकर्षक डिजाइन खास पसंद की जा रही हैं।
1.5 ग्राम से शुरू होने वाले फेदर लाइट गोल्ड गहने
सोने की बढ़ती कीमतों के बीच हल्के वजन की ज्वेलरी ग्राहकों के लिए आकर्षक विकल्प बनकर सामने आई है। बाजार में फेदर लाइट कलेक्शन की मांग बढ़ रही है। कम बजट में स्टाइलिश गोल्ड ज्वेलरी खरीदने की इच्छा रखने वाले ग्राहक इन डिजाइनों में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। खासकर रोजाना पहनने वाले छोटे नेकलेस, चेन, पेंडेंट, कानों के गहने और हल्के मंगलसूत्र ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं।
सोने-चांदी के सिक्कों व गिफ्ट आइटम की मांग
धनतेरस और लक्ष्मी पूजन के लिए सोने-चांदी के सिक्कों का विशेष महत्व है। ग्राहक क्षमता के अनुसार कम वजन के सिक्कों से लेकर अन्य कीमती आभूषणों तक की खरीदारी कर रहे हैं। चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, पूजा की थालियां, चांदी के गिलास, कटोरियां, दीपक, छोटी ट्रे, चम्मच, पूजा के सिक्के, बच्चों के लिए चांदी के उपहार और सजावटी वस्तुएं ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।
ग्राहकों के लिए ऑफर्स
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कुछ ज्वेलरी शोरूम विशेष ऑफर्स भी दे रहे हैं। इनमें गोल्ड ज्वेलरी की मेकिंग चार्ज पर 50 प्रतिशत तक की छूट जैसे ऑफर्स शामिल हो सकते हैं। कुछ दुकानों में सोने की खरीदारी पर निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार चांदी के उपहार देने की योजनाएं भी देखने को मिल रही हैं। डायमंड ज्वेलरी खरीदने वाले ग्राहकों के लिए भी विशेष ऑफर्स रखे जा रहे हैं। कुछ शोरूम में चुनिंदा डायमंड ज्वेलरी पर 100 प्रतिशत मेकिंग चार्ज छूट का ऑफर दिया जा रहा है।
रिंग और मंगलसूत्र की मांग
सोने के साथ डायमंड ज्वेलरी भी ग्राहकों की पसंद में शामिल है। डायमंड फिंगर रिंग और डायमंड मंगलसूत्र की मांग खास तौर पर देखी जा रही है। कुछ ग्राहक त्योहारों पर खुद के लिए तो कुछ परिवार के सदस्यों को उपहार देने के लिए डायमंड ज्वेलरी खरीद रहे हैं।
आर्टिफिशियल ज्वेलरी का भी बढ़ा बाजार
आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी दिवाली की खरीदारी का अहम हिस्सा है। कम बजट में अलग-अलग डिजाइन और रंगों के आभूषण खरीदने की चाह रखने वाले ग्राहकों के बीच इसका आकर्षण बना हुआ है। कुंदन सेट, ऑक्सिडाइज्ड ज्वेलरी, अमेरिकन डायमंड सेट, पोल्की लुक वाली ज्वेलरी, टेंपल ज्वेलरी, चोकर नेकलेस, चांदबाली, झुमके, स्टेटमेंट इयररिंग्स, मोती वाले सेट और बैंगल्स की कई वैरायटी बाजार में उपलब्ध हैं। पुणे में लक्ष्मी रोड, तुलशीबाग, कैंप और एम.जी. रोड के आसपास की ज्वेलरी व फैशन एक्सेसरी दुकानों के साथ-साथ पिंपरी-चिंचवड़ के स्थानीय बाजारों में भी ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।
ग्राहक अनिता देशमुख ने बताया दिवाली पर सोने की ज्वेलरी खरीदना हमारे लिए शुभ माना जाता है। इस बार मुझे हल्के वजन की ज्वेलरी और कुंदन बैंगल्स की डिजाइन पसंद आई हैं। मैं ऐसी ज्वेलरी लेना चाहती हूं जिसे त्योहारों के साथ दूसरे अवसरों पर भी पहन सकूं।
^ग्राहक विनिता शिंदे ने बताया दिवाली पर हर ड्रेस के साथ अलग ज्वेलरी पहनना अच्छा लगता है। इसलिए मैं अमेरिकन डायमंड इयररिंग्स, चोकर और ऑक्सिडाइज्ड ज्वेलरी देख रही हूं। इसमें कम बजट में कई डिजाइन मिल जाते हैं।
^सोनगिरा ज्वेलर्स के ओनर सुनील सोनगिराने कहा इस साल ग्राहक पारंपरिक डिजाइन के साथ हल्के वजन की गोल्ड ज्वेलरी को भी पसंद कर रहे हैं। कोल्हापुरी डिजाइन, कुंदन बैंगल्स और फेदर लाइट कलेक्शन की ओर ग्राहकों का ध्यान है। दिवाली के लिए हम अलग-अलग बजट में कई डिजाइन उपलब्ध करा रहे हैं।
^औंध के पीएनजी ज्वेलरी शॉप के स्टोअर मॅनेजर ने बताया की दिवाली में गोल्ड ज्वेलरी के साथ चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और गिफ्ट आइटम्स की भी अच्छी मांग रहती है। ग्राहक अब डिजाइन, वजन और बजट देखकर खरीदारी कर रहे हैं।
Created On :  
