Pune City News: सर्विस पिस्तौल से पुलिस उपनिरीक्षक ने खुद को गोली मारी

सर्विस पिस्तौल से पुलिस उपनिरीक्षक ने खुद को गोली मारी
औंध स्थित घर में हुई घटना; अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे पुलिस विभाग के पुलिस उपनिरीक्षक निलेश भाऊसाहेब पाटिल (55) ने बुधवार दोपहर औंध स्थित अपने घर में सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। घटना के समय उनका बेटा घर में मौजूद था। गोली चलने की आवाज सुनकर वह कमरे से बाहर आया तो पाटिल खून से लथपथ हालत में मिले। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पाटिल औंध के नागरस रोड स्थित एक सोसायटी में पत्नी और बेटे के साथ रहते थे। वह विश्रांतवाड़ी पुलिस स्टेशन में पुलिस उपनिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। बुधवार को उन्हें हाईकोर्ट की ड्यूटी के लिए मुंबई जाना था, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं गए। उनकी पत्नी उस समय गांव गई हुई थीं।

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 3.30 बजे पाटिल ने अपनी सर्विस पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। आवाज सुनकर बेटे ने कमरे से बाहर आकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चतु:शृंगी पुलिस मौके पर पहुंची।

पाटिल पहले पुलिस कांस्टेबल के रूप में कार्यरत थे। पदोन्नति के बाद उन्हें पुलिस उपनिरीक्षक बनाया गया था। पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ समय से वह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान थे। गणेशोत्सव से पहले वह करीब एक से दो महीने छुट्टी पर भी रहे थे। इसके बाद गणेशोत्सव बंदोबस्त के लिए उन्होंने दोबारा ड्यूटी जॉइन की थी।

चतु:शृंगी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक उत्तम भजनावले ने बताया कि पाटिल स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रहे थे और पिछले कुछ दिनों से तनाव में थे। हालांकि, आत्महत्या के पीछे स्वास्थ्य संबंधी परेशानी ही कारण थी या कोई अन्य वजह, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

Created On :  

Tags

Next Story