Pune City News: दिवाली पर पुणे में हत्या की दो वारदातें

दिवाली पर पुणे में हत्या की दो वारदातें
  • कोथरूड में सराइत की कोयते से वार कर हत्या, दो आरोपी हिरासत में
  • मांजरी में युवक की हत्या की आशंका
  • दो आरोपी हिरासत में

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे में दीपावली के दौरान हत्या की दो घटनाएं सामने आई हैं। कोथरूड के सुतारदरा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक सराइत की कोयते और तलवार से वार कर हत्या कर दी गई। वहीं, मांजरी में मुला-मुठा नदी के पात्र में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। उसके सिर पर किसी कठोर वस्तु से वार किए जाने का संदेह है।

सुतारदरा में टोले ने किया हमला

कोथरूड के सुतारदरा इलाके में शनिवार (8 नवंबर) रात करीब 9:30 बजे प्रकाश उर्फ लाल्या येवले (27) पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, प्रकाश इलाके से जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उस पर तलवार और कोयते से वार किए। इसके अलावा डंडों से भी उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसी दौरान दिवाली के मद्देनजर कोथरूड पुलिस की टीम इलाके में सराइतों की जांच कर रही थी। पुलिसकर्मी जब सुतारदरा पहुंचे, तो उन्हें कुछ लोग एक युवक को पीटते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल प्रकाश को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उपचार शुरू होने से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया।

दो आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश

इस मामले में पुलिस ने विकी मोरे और अनिकेत मालपोटे को हिरासत में लिया है। उनके साथ मौजूद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक प्रकाश येवले के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। उसकी हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए जांच की जा रही है।

मांजरी में नदी किनारे मिला युवक का शव

मांजरी इलाके में मुला-मुठा नदी के पात्र में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। पुलिस को आशंका है कि युवक के सिर पर किसी कठोर वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई है। शव के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मांजरी पुलिस युवक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Created On :  

Tags

Next Story