Pune City News: पिंपल सौदागर की सोसाइटी के फ्लैट में लगी भीषण आग, सिलेंडर फटा

पिंपल सौदागर की सोसाइटी के फ्लैट में लगी भीषण आग, सिलेंडर फटा
  • बालकनी से शुरू हुई आग ने लिया विकराल रूप, इन्वर्टर, एसी और टीवी समेत घरेलू सामान जला
  • दमकल की तीन स्टेशनों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, सभी रहवासी सुरक्षित

भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। पिंपल सौदागर स्थित साई मैरीगोल्ड सोसाइटी के एक फ्लैट में सोमवार को भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से फ्लैट में रखा एलपीजी सिलेंडर भी फट गया। सिलेंडर फटने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

तीन फायर स्टेशनों की टीमें पहुंचीं

आग लगने की सूचना मिलते ही पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका (पीसीएमसी) के दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। राहतानी सब-फायर स्टेशन की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। इसके बाद नेहरूनगर और मुख्य दमकल केंद्र से भी टीमें मदद के लिए पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने सोसाइटी के सभी रहवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

आग सोसाइटी के फ्लैट नंबर ए-704 में लगी थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग बालकनी से शुरू हुई और धीरे-धीरे फ्लैट में फैल गई। इसकी चपेट में इन्वर्टर बैटरी, एसी, टीवी और अन्य घरेलू सामान आ गया। आग और सिलेंडर फटने से एसी का कंप्रेसर, टेलीविजन, इन्वर्टर बैटरी और बिजली की वायरिंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

गैस रिसाव होने पर बरतें सावधानी

आग बुझाने के बाद दमकल कर्मियों ने फ्लैट की जांच की, ताकि दोबारा आग न भड़के। दमकल विभाग ने नागरिकों से घरेलू गैस सिलेंडर का सावधानी से इस्तेमाल करने की अपील की है। गैस रिसाव का संदेह होने पर बिजली के स्विच चालू या बंद नहीं करने चाहिए। गैस का मुख्य वाल्व बंद कर खिड़की-दरवाजे खोल देने चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में दमकल विभाग के नंबर 101 या पिंपरी मुख्य दमकल केंद्र के नंबर 7030108991 पर संपर्क करने की अपील की गई है।

Created On :  

Tags

Next Story