Pune City News: स्पाइन रोड पर झाड़ियों में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव

भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। चिखली स्थित स्पाइन रोड पर घरकुल चौक के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक युवक के पैर नीले-काले पड़ गए थे और शव के पास पत्थर मिलने के कारण पुलिस ने यह प्राथमिक आशंका जताई है कि यह हत्या का मामला हो सकता है। यह घटना सोमवार (9 नवंबर) की सुबह 11 बजे के आसपास सामने आई। मृतक युवक की पहचान लाल बहादुर राम (24, निवासी नेवाले वस्ती, मूल निवासी उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
चिखली पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रणजीत जाधव के अनुसार, सोमवार की सुबह 11 बजे के करीब पुलिस को सूचना मिली थी कि घरकुल चौक के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद चिखली पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। उस दौरान मृत युवक के पैर नीले-काले पड़े हुए पाए गए। साथ ही, घटनास्थल पर पत्थर भी पड़े हुए मिले। इसी आधार पर पुलिस ने प्राथमिक अनुमान लगाया कि युवक की हत्या की गई होगी।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पिंपरी स्थित मनपा के यशवंतराव चव्हाण स्मृति (वाईसीएम) अस्पताल भेज दिया है। इस बीच, पुलिस ने मृतक युवक की शिनाख्त कर ली है। वह नेवाले वस्ती परिसर में रहता था और मजदूरी कर जो भी काम मिलता था, वह करता था, ऐसी जानकारी पुलिस को मिली है। उसकी मौत वास्तव में किन कारणों से हुई, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। हत्या के संदेह के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
Created On :  
