Pune City News: दूध के दाम में 4 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी, 16 नवंबर से नए रेट लागू

भास्कर न्यूज, पुणे। गाय और भैंस के दूध के बिक्री मूल्य में प्रति लीटर 4 रुपए की बढ़ोतरी करने का निर्णय दूध उत्पादक एवं प्रक्रिया व्यावसायिक कल्याणकारी संघ ने लिया है। इसके साथ ही दुग्ध निर्मित पदार्थों की कीमतों में भी 10 प्रतिशत तक वृद्धि की जाएगी। नई दरें सोमवार, 16 नवंबर से लागू होंगी।
इस संबंध में शुक्रवार, 13 नवंबर को कात्रज स्थित पुणे जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ के सभागार में दूध उत्पादक एवं प्रक्रिया व्यावसायिक कल्याणकारी संघ के सदस्यों की बैठक हुई। संघ के अध्यक्ष गोपालराव म्हस्के की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में दूध की कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया। बैठक में महाराष्ट्र के प्रमुख सहकारी और निजी दूध संघों के करीब 50 प्रतिनिधि शामिल हुए।
परिवहन और पैकेजिंग खर्च बढ़ने से लिया फैसला
बैठक में बताया गया कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण दूध के परिवहन का खर्च बढ़ गया है। इसके अलावा चीनी के दाम, पैकेजिंग सामग्री की कीमतों और कर्मचारियों पर होने वाला खर्च भी लगातार बढ़ रहा है। इससे दूध प्रसंस्करण व्यवसाय का आर्थिक गणित बिगड़ रहा है।
वहीं, दूध उत्पादकों से खरीदे जाने वाले दूध की कीमतों में भी वृद्धि हुई है। आने वाले समय में इसमें और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए दूध के बिक्री मूल्य में 4 रुपए प्रति लीटर और दुग्धजन्य पदार्थों की कीमतों में 10 प्रतिशत तक वृद्धि करने का निर्णय लिया गया।
दूध उत्पादकों को उचित दाम मिलने का दावा
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी से उत्पादन, पैकेजिंग और परिवहन पर होने वाले बढ़ते खर्च का संतुलन बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही दूध उत्पादकों को उनके उत्पादन का उचित मूल्य मिल सकेगा। हालांकि, इस फैसले का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।
Created On :  
