Pune City News: पटाखों के धुएं ने बिगाड़ी पुणे की हवा, कई इलाकों में एक्यूआई 400 पार

पटाखों के धुएं ने बिगाड़ी पुणे की हवा, कई इलाकों में एक्यूआई 400 पार
  • शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से अधिक, कुछ इलाकों में 800 तक पहुंचा
  • सोमवार सुबह दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में पुणे 34वें स्थान पर रहा

भास्कर न्यूज, पुणे। लक्ष्मीपूजन के बाद हुई आतिशबाजी का असर अब पुणे की हवा पर दिखाई देने लगा है। दीपावली पर बड़े पैमाने पर पटाखे फोड़े जाने से शहर और उपनगरों की हवा की गुणवत्ता खराब हो गई है। शहर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के पार पहुंच गया, जबकि कुछ उपनगरों में यह 500 से अधिक दर्ज किया गया। रात में कुछ स्थानों पर एक्यूआई 800 तक पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है। सोमवार सुबह दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में पुणे 34वें स्थान पर रहा।

रात 9 बजे के बाद बढ़ा प्रदूषण

दीपावली पर पटाखों की आतिशबाजी से प्रदूषण बढ़ गया। रविवार शाम 8:30 से 9 बजे तक हवा की गुणवत्ता सामान्य थी। हालांकि, लक्ष्मीपूजन के बाद शहर के मध्यवर्ती इलाकों और उपनगरों में बड़े पैमाने पर पटाखे फोड़े गए। तेज आवाज वाले पटाखों, लंबी लड़ियों और रंग-बिरंगे आतिशबाजी वाले पटाखों के कारण हवा में धुआं फैल गया। आधी रात के बाद भी कई इलाकों में आतिशबाजी जारी रही। इसका असर हवा की गुणवत्ता पर पड़ा और कई जगह एक्यूआई 800 के पार पहुंच गया।

कोंढवा और वानवड़ी में सबसे ज्यादा प्रदूषण

सोमवार सुबह शहर के विभिन्न इलाकों मेंएक्यूआई 200 से अधिक दर्ज किया गया। कोंढवा और वानवड़ी में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा रहा। अलग-अलग इलाकों में दर्ज एक्यूआई इस प्रकार रहा।

क्षेत्र एक्यूआई

शिवाजीनगर 285

सहकारनगर 275

वारजे 292

सिंहगढ़ रोड 250

कात्रज 360

कोंढवा 417

वानवड़ी 517

विमाननगर 212

चिंचवड़ 305

निगड़ी 250

ताथवडे 270

हिंजवड़ी 260

एक्यूआई बढ़ने से स्वास्थ्य पर पड़ता है असर

वायु गुणवत्ता सूचकांक 0 से 50 तक रहने पर हवा अच्छी मानी जाती है। 51 से 100 तक संतोषजनक, जबकि 101 से 200 तक मध्यम श्रेणी में आती है। इस स्तर पर बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। एक्यूआई 201 से 300 तक पहुंचने पर हवा खराब मानी जाती है और इसका असर सभी के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। वहीं, 300 से अधिक एक्यूआई होने पर हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच जाती है।

Created On :  

Tags

Next Story