Pune City News: कात्रज चिड़ियाघर में बीमारियों की होगी जांच, संक्रमण रोकने पर जोर

कात्रज चिड़ियाघर में बीमारियों की होगी जांच, संक्रमण रोकने पर जोर
  • जानवरों के साथ कर्मचारियों की भी होगी नियमित स्वास्थ्य जांच, नमूनों की होगी जांच
  • पांच चिड़ियाघर शामिल
  • जानवरों और इंसानों की सेहत का होगा एक साथ अध्ययन

भास्कर न्यूज, पुणे। जानवरों से इंसानों और इंसानों से जानवरों में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों का पता लगाने और उनके संभावित प्रकोप को रोकने के लिए पुणे में तीन साल का शोध प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। वन हेल्थ यानी एक स्वास्थ्य की अवधारणा पर आधारित इस प्रोजेक्ट के तहत कात्रज स्थित राजीव गांधी प्राणी संग्रहालय में सर्वेक्षण किया जा रहा है। इसमें जानवरों, इंसानों और पर्यावरण के स्वास्थ्य के बीच संबंधों का अध्ययन किया जाएगा।

इस शोध प्रोजेक्ट को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर), राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी), भारती विद्यापीठ और राजीव गांधी प्राणी संग्रहालय के संयुक्त सहयोग से चलाया जा रहा है। इसके लिए 5 नवंबर को एनआईवी और विभिन्न संस्थानों की टीम ने चिड़ियाघर का दौरा किया। कार्यशाला के बाद टीम ने चिड़ियाघर का निरीक्षण भी किया। इस प्रोजेक्ट में दिल्ली, पुणे, चेन्नई और गुवाहाटी सहित देश के पांच चुनिंदा चिड़ियाघरों को शामिल किया गया है।

कर्मचारियों की भी होगी स्वास्थ्य जांच

चिड़ियाघर में काम करने वाले कर्मचारी लगातार जानवरों के संपर्क में रहते हैं। ऐसे में जानवरों से उन्हें संक्रमण होने और उनके माध्यम से बीमारियां समाज में फैलने का खतरा रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए भारती विद्यापीठ की ओर से कर्मचारियों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उनके नमूने भी लिए जाएंगे। इसके साथ ही चिड़ियाघर के जानवरों की नियमित स्वास्थ्य जांच और उनके नमूने एकत्र करने का काम भी किया जाएगा।

एनआईवी में होगी नमूनों की जांच

चिड़ियाघर से एकत्र किए गए नमूने राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) भेजे जाएंगे। वहां उनकी विषाणु संबंधी जांच और अध्ययन किया जाएगा। इसके अलावा चिड़ियाघर परिसर का सर्वेक्षण कर संक्रमण फैलने के संभावित कारणों और जोखिम वाले कारकों का भी पता लगाया जाएगा। इस शोध से संक्रामक बीमारियों के खतरे की समय रहते पहचान करने और उनके संभावित प्रकोप को रोकने में मदद मिलेगी।

प्राणियों, इंसानों और पर्यावरण के स्वास्थ्य पर एक साथ ध्यान

राजीव गांधी प्राणी संग्रहालय के संचालक डॉ. राजकुमार जाधव ने बताया कि 'वन हेल्थ' अवधारणा के तहत पर्यावरण, जानवरों और इंसानों के स्वास्थ्य को एक साथ ध्यान में रखा जाता है। तीन साल के इस प्रोजेक्ट में चिड़ियाघर के जानवरों का नियमित सर्वेक्षण और स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। कर्मचारियों की भी मेडिकल जांच होगी। विभिन्न संस्थानों के सहयोग से नमूने एकत्र कर उनकी जांच की जाएगी। इससे संक्रामक बीमारियों के संभावित खतरे का समय रहते पता लगाने और उनके प्रसार को रोकने में मदद मिलेगी।

Created On :  

Tags

Next Story