Pune City News: एमपीएससी की परीक्षाओं में गड़बड़ियों की जांच के लिए शिकायत दर्ज कराने की समयसीमा बढ़ी

एमपीएससी की परीक्षाओं में गड़बड़ियों की जांच के लिए शिकायत दर्ज कराने की समयसीमा बढ़ी
  • परीक्षार्थियों और संबंधित लोगों को 23 नवंबर तक मौका
  • पहचान पत्र और दस्तावेजों की प्रतियां लगाना अनिवार्य

भास्कर न्यूज, पुणे। महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की ओर से आयोजित नौ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, प्रश्नपत्र और उत्तरतालिका लीक होने के मामलों की जांच के लिए शिकायत और बयान जमा करने की समयसीमा बढ़ा दी गई है। महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग परीक्षा जांच आयोग ने अब संबंधित व्यक्तियों, परीक्षार्थियों और विद्यार्थियों को 23 नवंबर तक अपने शपथपत्र जमा करने की अनुमति दी है। पहले इसके लिए अंतिम तारीख 16 नवंबर निर्धारित की गई थी। दीपावली की छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए यह समयसीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

जांच आयोग ने इन मामलों से संबंधित जानकारी रखने वाले सभी लोगों से निर्धारित प्रारूप में मराठी या अंग्रेजी भाषा में अपने बयान और शिकायतें प्रस्तुत करने की अपील की है। इसके लिए आयोग की ओर से निर्धारित शपथपत्र प्रारूप का ही उपयोग करना होगा। शपथपत्र के साथ वैध पहचान पत्र की प्रति और संबंधित दस्तावेजों की स्वयं प्रमाणित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य है।

ई-मेल से भी भेजनी होगी दस्तावेजों की प्रति

आयोग ने स्पष्ट किया है कि स्वयं प्रमाणित शपथपत्र, शिकायत और संबंधित दस्तावेजों की एक प्रति ई-मेल के माध्यम से भी भेजनी होगी। इसके लिए complaints.inquirycomm.mpsc@maharashtra.gov.in ई-मेल आईडी जारी की गई है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि शिकायत और शपथपत्र जमा करने के लिए 23 नवंबर तक ही समय दिया गया है। इसके बाद प्राप्त होने वाले किसी भी शपथपत्र को स्वीकार नहीं किया जाएगा। महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग परीक्षा जांच आयोग के सदस्य सचिव तुकाराम मुंढे ने सभी संबंधित व्यक्तियों और परीक्षार्थियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने शपथपत्र जमा करने की अपील की है।

Created On :  

Tags

Next Story