Pune City News: सिंहगढ़ संस्थान के सात कॉलेजों का प्रबंधन प्रशासक के हवाले

सिंहगढ़ संस्थान के सात कॉलेजों का प्रबंधन प्रशासक के हवाले
नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर फैसला

भास्कर न्यूज, पुणे। सिंहगढ़ टेक्निकल एजुकेशन सोसाइटी द्वारा संचालित सात कॉलेजों का प्रबंधन उच्च शिक्षा संचालनालय ने अपने हाथ में लेने का निर्णय लिया है। इसके लिए अगले तीन साल तक प्रशासक नियुक्त किया गया है। महाराष्ट्र शैक्षणिक संस्थान (प्रबंधन) अधिनियम के तहत यह आदेश जारी किया गया है। पुणे विभाग के विभागीय सहसंचालक, उच्च शिक्षा को प्रशासक के रूप में नियुक्त किया गया है। प्रभारी शिक्षा संचालक डॉ. शैलेंद्र देवलाणकर ने 12 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

संस्था के सात कॉलेजों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का कई साल से वेतन बकाया है। इसके अलावा छठे और सातवें वेतन आयोग के अनुसार मिलने वाली बकाया राशि और सेवानिवृत्ति के आर्थिक लाभ भी कर्मचारियों को नहीं मिले हैं। आर्थिक परेशानी के कारण 13 से ज्यादा कर्मचारियों द्वारा आत्महत्या करने की गंभीर बात मुंबई हाई कोर्ट ने भी आदेश में दर्ज की थी। इस स्थिति के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों पर पड़ रहे असर को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।

नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई

उच्च शिक्षा संचालनालय ने 5 नवंबर को संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें पूछा गया था कि सात कॉलेजों का प्रबंधन सरकार अपने हाथ में क्यों न ले। संस्था को इस संबंध में लिखित जवाब देने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, संस्था की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। उसके बाद उच्च शिक्षा संचालक ने प्रशासक नियुक्त करने का निर्णय लिया। अब अगले तीन साल तक सात कॉलेजों का प्रबंधन प्रशासक के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

Created On :  

Tags

Next Story