Pune City News: अब रोपवे से पहुंच सकेंगे भीमाशंकर, 650 करोड़ रुपए खर्च होंगे

भास्कर न्यूज, पुणे। ज्योतिर्लिंग श्री क्षेत्र भीमाशंकर पहुंचना अब श्रद्धालुओं के लिए आसान होने वाला है। यहां तक पहुंचने के लिए करीब 650 करोड़ रुपए की लागत से रोपवे बनाया जाएगा। इसके जरिए श्रद्धालु कर्जत तहसील से सीधे रोपवे के माध्यम से भीमाशंकर पहुंच सकेंगे। राज्य के पूर्व मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने यह जानकारी दी।
भीमाशंकर मंदिर में दर्शन व्यवस्था और विकास आराखड़े के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने के लिए वलसे पाटिल ने क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित रोपवे परियोजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस रोपवे में एक बार में 72 यात्री भीमाशंकर की ओर और 72 यात्री वापसी की दिशा में सफर कर सकेंगे। बड़ी क्षमता वाली इस परियोजना से मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी।
पेड़ों की कटाई और जमीन अधिग्रहण की जरूरत नहीं
वलसे पाटिल के अनुसार, इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 650 करोड़ रुपए है। खास बात यह है कि रोपवे के निर्माण के लिए किसी भी पेड़ को काटने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही जमीन की आवश्यकता भी बहुत कम पड़ेगी। इसलिए यह परियोजना पर्यावरण के अनुकूल होगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली राज्य सरकार की उपसमिति से मंजूरी मिलने के बाद परियोजना का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी।
दूसरे चरण के काम के लिए मंदिर बंद होने की संभावना
भीमाशंकर में विकास आराखड़े के दूसरे चरण के कार्य शुरू होने वाले हैं। इन कार्यों के दौरान जरूरत पड़ने पर मंदिर को कुछ समय के लिए दोबारा बंद रखना पड़ सकता है। वलसे पाटिल ने श्रद्धालुओं से अपील की कि ऐसी स्थिति में वे प्रशासन का सहयोग करें।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष विवेक वलसे पाटिल, पंचायत समिति सभापति कैलास काले, पूर्वा वलसे पाटिल, सुभाष मोरमारे, मारुति लोहकरे, संजय गवारी, प्रकाश घोलप, संदीप चपटे, प्रवीण पारधी, इंदुबाई लोहकरे, भीमाशंकर देवस्थान के अध्यक्ष सुरेश कौदरे, मधुकर गवांदे और सरपंच दत्तात्रय हिले सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Created On :  
