Pune City News: अमित शाह के दौरे के चलते पुणे में ट्रैफिक डायवर्जन, कई रास्ते रहेंगे बंद

अमित शाह के दौरे के चलते पुणे में ट्रैफिक डायवर्जन, कई रास्ते रहेंगे बंद
  • 15 और 16 नवंबर को कई सड़कों पर पार्किंग प्रतिबंधित
  • सोमवार सुबह 7 बजे से कुछ मार्गों पर यातायात बंद
  • वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह

भास्कर न्यूज, पुणे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुणे दौरे के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। रविवार, 15 नवंबर और सोमवार, 16 नवंबर को सुरक्षा कारणों से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, सोमवार सुबह 7 बजे से कुछ रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त डॉ. संदीप भाजीभाकरे ने वाहन चालकों से यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

इन प्रमुख मार्गों पर पार्किंग प्रतिबंधित

पुलिस के अनुसार, रविवार और सोमवार को लोहगांव एयरफोर्स स्टेशन से विमाननगर रोड, रामवाड़ी से भारत फोर्ज कंपनी और मुंढवा रोड पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

इसके अलावा कोरेगांव पार्क का नॉर्थ मेन रोड, जहांगीर अस्पताल चौक, इंजीनियरिंग कॉलेज चौक, नेहरू मेमोरियल चौक, जंगली महाराज रोड, तिलक चौक, तिलक रोड, फर्ग्युसन कॉलेज रोड, वेधशाला चौक, संचेती चौक और पाटिल एस्टेट में भी वाहन पार्क नहीं किए जा सकेंगे।

इसी तरह संगमवाड़ी से येरवडा के शादलबाबा चौक, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक से गोल्फ क्लब रोड और 509 चौक से लोहगांव एयरफोर्स स्टेशन तक पार्किंग पर रोक रहेगी।

भारत इतिहास संशोधक मंडल परिसर में भी प्रतिबंध

सोमवार को अमित शाह का सदाशिव पेठ स्थित भारत इतिहास संशोधक मंडल में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसके चलते सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक तिलक रोड, महाराष्ट्र साहित्य परिषद, बादशाही होटल, पेरुगेट पुलिस चौकी से पावन मारुति मंदिर और भरत नाट्य मंदिर परिसर में सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

किराड चौक से नेहरू मेमोरियल हॉल तक रास्ता बंद

सोमवार सुबह 7 बजे से किराड चौक से नेहरू मेमोरियल हॉल चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस मार्ग से जाने वाले वाहन चालक किराड चौक से जीपीओ होते हुए होटल ब्लू नाइल चौक की ओर जा सकेंगे।

इसके अलावा पुणे जिला परिषद परिसर में दोराबजी मॉल से होटल ब्लू नाइल चौक तक का रास्ता भी वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा।

इन स्थानों पर कर सकेंगे पार्किंग

पुणे जिला परिषद में आयोजित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एसजीएस मॉल, पूना क्लब, लेडीज क्लब, किराड चौक, पुलिस आयुक्तालय परिसर की गलियों, इस्कॉन मंदिर और ब्लू नाइल चौक के आसपास निर्धारित स्थानों पर वाहन पार्क करने की अपील की है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें।

Created On :  

Tags

Next Story