Pune City News: पानी भरने के विवाद में 19 वर्षीय युवक की हत्या, आरोपी ने सीने में घोंपा चाकू

पानी भरने के विवाद में 19 वर्षीय युवक की हत्या, आरोपी ने सीने में घोंपा चाकू
  • परफेक्ट सोसायटी के सामने चाल में हुई घटना
  • 19 वर्षीय करण कापरे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
  • 21 वर्षीय आरोपी प्रतीक मानकर गिरफ्तार

भास्कर न्यूज, पुणे। बालेवाडी इलाके में नल पर पानी भरने को लेकर हुए विवाद में एक 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। झगड़े के दौरान आरोपी घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आया और युवक के सीने में घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने रविवार, 15 नवंबर रात अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद बाणेर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पहले इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था, लेकिन युवक की मौत के बाद हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है।

मृतक की पहचान करण राजू कापरे (19), निवासी बालेवाडी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी प्रतीक संतोष मानकर (21) भी बालेवाडी का रहने वाला है। वह एक होटल में वेटर का काम करता है। इस मामले में केरबा शिंदे (47) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

बीच-बचाव करने पर शिकायतकर्ता से भी विवाद

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर की रात करीब 8 बजे बालेवाडी की परफेक्ट सोसायटी के सामने स्थित चाल में नल पर पानी भरने को लेकर करण और प्रतीक के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इस दौरान केरबा शिंदे ने बीच-बचाव कर प्रतीक को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उनसे भी बहस करने लगा।

इसके बाद प्रतीक अपने घर गया और वहां से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर वापस आया। आरोप है कि उसने केरबा शिंदे और उनके बेटे के साथ मारपीट की। इसके बाद करण के सीने में चाकू घोंप दिया। हमले में करण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान रविवार रात उसकी मौत हो गई।

हत्या की धारा जोड़ी, आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद बाणेर पुलिस ने आरोपी प्रतीक मानकर को गिरफ्तार कर लिया था। शुरुआत में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। करण की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है।

Created On :  

Tags

Next Story