Pune City News: जुन्नर की प्रियंका शेलके को 'यूएन' का वैश्विक सम्मान; महाराष्ट्र से चुनी जाने वाली एकमात्र महिला

जुन्नर की प्रियंका शेलके को यूएन का वैश्विक सम्मान; महाराष्ट्र से चुनी जाने वाली एकमात्र महिला
  • 131 देशों से मिले 609 नामांकनों में हुआ चयन
  • 10 हजार किसानों और 5 हजार से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में निभाई अहम भूमिका

भास्कर न्यूज, जुन्नर (पुणे)। कृषि, ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जुन्नर तहसील की प्रियंका महेश शेलके को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) की एक प्रतिष्ठित वैश्विक पहल में सम्मानित किया गया है। 'खाद्य, कृषि एवं ग्रामीण विकास क्षेत्र की 100 प्रतिभाशाली महिलाओं' की वैश्विक सूची में स्थान पाने वाली वे महाराष्ट्र की एकमात्र महिला बन गई हैं।

विश्व खाद्य दिवस के उपलक्ष्य में ग्रामीण महिला किसानों, उद्यमियों और कृषि उपज को बाजार उपलब्ध कराने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के लिए यह पहल आयोजित की गई थी। इसमें दुनिया के 131 देशों से 609 नामांकन प्राप्त हुए थे। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा भेजे गए 20 नामों में से अंतिम 100 महिलाओं में महाराष्ट्र से प्रियंका शेलके और मिजोरम से जेड. टी. लालरिथांगी का चयन हुआ।

रोम (इटली) स्थित 'एफएओ' मुख्यालय में महानिदेशक डॉ. क्यू डोंग्यू के हाथों शेलके को स्मृति चिन्ह, सम्मान वस्त्र और 400 यूरो प्रदान कर गौरवान्वित किया गया। केंद्र सरकार द्वारा उनकी दिल्ली से रोम यात्रा की व्यवस्था की गई थी।

10 हजार किसानों और 5 हजार से अधिक महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर

पिछले 12 वर्षों से कृषि क्षेत्र में सक्रिय प्रियंका शेलके ने महाराष्ट्र, कर्नाटक और झारखंड में किसान उत्पादक कंपनियां (FPO) स्थापित की हैं। जुन्नर में उन्होंने 'जुन्नर महिला किसान उत्पादक कंपनी' की स्थापना की, वहीं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत नारायणगांव-वारुलवाड़ी समूह के सात गांवों में 'मायभूमि महिला प्रभाग संघ' के माध्यम से हजारों महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ा। उनके प्रयासों से अब तक 10 हजार किसानों को लाभ मिला है और 5 हजार से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हुई हैं। वर्तमान में वे 'इंडो वेजिटेबल काउंसिल' की निदेशक और जुन्नर कृषि उपज बाजार समिति की संचालिका के रूप में कार्यरत हैं।

संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक मंच पर मिला यह सम्मान महाराष्ट्र के महिला नेतृत्व और किसान उत्पादक कंपनियों के आंदोलन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है।

- महेश शेलके, सरपंच, धनगरवाड़ी

Created On :  

Tags

Next Story