UP Election News: '181 सीटें कैसे दे सकते हैं?', यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस पर भड़के सपा नेता, कहा- अकेले BJP को हराने में सक्षम

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत गरमाई हुई है। इस बीच कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर दरार पड़ सकती है। पूर्व सपा सांसद डॉ. एसटी हसन ने इसको लेकर एक बयान दिया है। उनका कहना है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के चारों तरफ जितने भी लोग हैं, वे शायद गठबंधन नहीं चाहते हैं। अगर यह गठबंधन नहीं होता है, तो इसका फायदा बीजेपी को आसानी से मिल जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी से चुनाव में मुकाबला करने के लिए सपा सक्षम है।
कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग पर क्या बोले?
सपा नेता एसटी हसन ने एबीपी से बातचीत करते हुए कांग्रेस की 181 उम्मीदवारों वाली सूची को लेकर कहा, "कांग्रेस की 181 सीटों की मांग बहुत अधिक है। पिछली बार कांग्रेस के सिर्फ दो विधायक थे और 2 प्रतिशत वोट था। अब 181 सीटें हम कैसे दे सकते हैं?" उनका आगे कहना है, "मुझे लगता है कि राहुल गांधी के चारों तरफ जो लोग हैं, शायद वे यह गठबंधन चाहते ही नहीं हैं और अगर यह गठबंधन नहीं होता है, तो फायदा बीजेपी को होगा। हम अकेले लड़ने के लिए सक्षम हैं। अगर बात हो तो दिल से हो, दिमाग से नहीं, वरना समाजवादी पार्टी अकेले बीजेपी से चुनाव लड़ने में सक्षम है। हम चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। हमें पूरा यकीन है कि इस बार अखिलेश यादव सरकार बनाएंगे।"
ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर की टिप्पणी
चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन कर लिया है। इस पर सपा नेता का कहना है, "गठबंधन जरूर हुआ है, लेकिन हमें पूरी उम्मीद है कि ओवैसी साहब भी चुनाव के बाद हमें ही सपोर्ट करेंगे।" इसके साथ ही उन्होंने मायावती की भूमिका पर कहा कि उनकी पार्टी ऐसे प्रत्याशी को खड़ा करती है, जिससे बीजेपी को फायदा और सपा को नुकसान पहुंचे।
अखिलेश यादव के मथुरा दौरे पर दी प्रतिक्रिया
बीजेपी के मथुरा में 84 कोसी परिक्रमा कार्यक्रम में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल हो रहे हैं। इस पर सवाल के जवाब में सपा नेता ने कहा, "क्या अखिलेश यादव जी उनके कहने पर चलेंगे? इन लोगों ने राम मंदिर में चोरी करा दी और किसी को जेल नहीं भेजा, इसलिए बीजेपी वालों की आस्था की बात मत करिए। हम तो कभी भी श्री रामचंद्र जी और श्री कृष्ण जी का राजनीतिकरण नहीं करेंगे। हमारे नेता तो आस्था से अयोध्या राम मंदिर जा रहे हैं।"
Created On :  



