APEC समिट: एक मंच पर रूस-यूएस-चीन, ट्रंप-पुतिन की मुलाकात, 9 साल बाद फैमिली फोटो में दिखे रूसी राष्ट्रपति

एक मंच पर रूस-यूएस-चीन, ट्रंप-पुतिन की मुलाकात, 9 साल बाद फैमिली फोटो में दिखे रूसी राष्ट्रपति
चीन के शेन्जेन में आयोजित 33वें APEC शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। ट्रंप ने दोनों के पुराने अच्छे रिश्तों का जिक्र किया। वहीं, पुतिन नौ साल बाद APEC की फैमिली फोटो में नजर आए। सम्मेलन में ऊर्जा, AI, क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। 21 अर्थव्यवस्थाएं के राष्ट्राध्यक्ष आज चीन के शेन्जेन शहर में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) शिखर सम्मेलन के दौरान एक ही मंच पर हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन के शेन्जेन में आयोजित 33वें एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में दुनिया की बड़ी ताकतों के नेताओं की मुलाकातों पर सबकी नजरें टिकी हैं। गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। ट्रंप ने मुलाकात को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि दोनों के बीच कई वर्षों से अच्छे रिश्ते रहे हैं और वे एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बातचीत से कई सकारात्मक नतीजे निकल सकते हैं।

इस सम्मेलन की एक खास तस्वीर नेताओं की सालाना फैमिली फोटो रही, जिसमें पुतिन बीच में नजर आए। वे नौ साल बाद APEC सम्मेलन में व्यक्तिगत रूप से शामिल हुए हैं। इससे पहले 2017 में वियतनाम में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने हिस्सा लिया था। 2020 और 2021 में वे ऑनलाइन जुड़े थे।

पुतिन ने अपने संबोधन में एशिया-प्रशांत देशों को रूस के लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल करने का न्योता दिया। उन्होंने क्षेत्रीय सुरक्षा में रूस की भूमिका का भी उल्लेख किया। सम्मेलन में ट्रंप ने अमेरिका को दुनिया का बड़ा ऊर्जा आपूर्तिकर्ता बताते हुए एशिया को प्राकृतिक गैस निर्यात बढ़ाने के लिए अलास्का में LNG पाइपलाइन परियोजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ऊर्जा साझेदारी का विस्तार कर रहा है।

ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के नियमन पर भी अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि ऐसे नियम नहीं बनने चाहिए, जो इस उद्योग की प्रगति रोकें। इससे पहले ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पुतिन के साथ प्रस्तावित त्रिपक्षीय बैठक को भी बड़ी उपलब्धि बताया था।

Created On :  

Tags

Next Story