Weather Alert: मप्र में चक्रवात ‘अकवान’ मचाएगा हलचल, 20-21 नवंबर को आंधी-बारिश का अलर्ट, बालाघाट-डिंडौरी में भारी बारिश की चेतावनी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब मध्य प्रदेश में भी दिखाई देने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। खासकर पूर्वी मध्य प्रदेश में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश की चेतावनी है। यहां ढाई से साढ़े चार इंच तक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वहीं, तेज हवाओं, गरज-चमक और गिरते तापमान के कारण प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ सकता है।
बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा चक्रवात ‘अकवान’
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार ताकतवर हो रहा है। 18 नवंबर की सुबह तक यह गंभीर चक्रवाती तूफान बन चुका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 नवंबर तक इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकरा सकता है। तट से टकराने के दौरान तूफान की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। इसके साथ हवा के झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
मध्य प्रदेश में 20 नवंबर से दिखने लगेगा असर
चक्रवात ‘अकवान’ का असर मप्र में 20 नवंबर से ही दिखने का अनुमान है। शुरुआत में पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। बता दें कि, राजधानी भोपाल में बीते 2 दिन से बादल छा रहे हैं। इसके अलावा कई इलाकों में धुंध का असर भी है। लेकिन, चक्रवात ‘अकवान’ का असर 21 नवंबर से ज्यादा दिखाई देने वाला है। इसके अलावा बारिश के साथ प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
यह भी पढ़े -आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा खत्म करने वाला फैसला रोके सरकार, रोजगार के साथ खिलवाड़ ने करें - कांग्रेस
20 नवंबर को मप्र इन जिलों में बारिश की संभावना है
शहडोल
उमरिया
अनूपपुर
डिंडौरी
मंडला
सिवनी
बालाघाट
इन इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में बदलाव के साथ बादलों की आवाजाही भी बढ़ेगी।
यह भी पढ़े -भोपाल का ऐशबाग हॉकी स्टेडियम..कहा जाता है 'हॉकी का तीर्थ', 95 साल के इतिहास में देश को दिए कई ओलंपियन
21 नवंबर को ज्यादा असर, इन जिलों में आंधी-बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 21 नवंबर को चक्रवात का असर प्रदेश के बड़े हिस्से में देखने को मिल सकता है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
संभावित प्रभावित जिले:
मऊगंज, सीधी और सिंगरौली
मैहर और कटनी
शहडोल, उमरिया और अनूपपुर
जबलपुर, मंडला और डिंडौरी
सिवनी, नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा
पांढुर्णा
नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा
खंडवा, बुरहानपुर और खरगोन
इन जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है।
यह भी पढ़े -भोपाल में धरना-रैली के लिए 7 दिन पहले पुलिस को देनी होगी सूचना, किरायेदारों-नौकरों का भी पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य
बारिश के बीच और बढ़ेगी ठंडक
मध्य प्रदेश में इन दिनों रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। कई शहरों में रातें ठंडी होने लगी हैं। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और उत्तरी हवाओं का असर भी प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है।
अब चक्रवात के कारण बादल और बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 20 नवंबर के बाद ठंड का असर बढ़ने का अनुमान जताया है। बता दें कि, बीती रात प्रदेशभर में शहडोल का कल्यापुर सबसे ठंडा रहा, यहां पारा 9.9 डिग्री रहा। जबकि, न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Created On :  

