विदेश में बयान देश में बवाल: अमेरिका में राहुल गांधी के बयान पर भाजपा हमलावर, सत्तारूढ़ नेता ने देश की छवि खराब करने का लगाया आरोप

अमेरिका में राहुल गांधी के बयान पर भाजपा हमलावर, सत्तारूढ़ नेता ने देश की छवि खराब करने का लगाया आरोप
अमेरिका में राहुल गांधी की भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को लेकर की गई टिप्पणियों पर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और किरेन रिजिजू ने उनके बयानों को देश की छवि खराब करने वाला बताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विपक्ष के नेता पर विदेश में भारत को नीचा दिखाने का आरोप लगाया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को लेकर की गई टिप्पणियों पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। बीजेपी नेताओं ने उनके बयानों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश में भारत की छवि खराब कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने राहुल गांधी के बयान को बचकाना बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह स्पष्ट नहीं रहता कि किस समय, किस संदर्भ में और कहां क्या बोलना है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी के बयानों से देश को नुकसान पहुंचता है। राय ने कहा कि दुनिया भारत की मजबूत आर्थिक प्रगति को स्वीकार कर रही है और देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में भारत को आर्थिक तंगी से जूझता बताना उचित नहीं है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता होने के नाते राहुल गांधी की जिम्मेदारी है कि वे विदेश में भारत के बारे में सोच-समझकर बयान दें। भारत की अर्थव्यवस्था खत्म होने जैसी टिप्पणी पूरी तरह गलत है, क्योंकि दुनिया भारत को सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में मानती है। रिजिजू ने कहा कि इस तरह के बयान राहुल गांधी के साथ उनकी पार्टी और पूरे विपक्ष की छवि को भी नुकसान पहुंचाते हैं।

वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राहुल गांधी को हताश और निराश बताते हुए कहा कि वे भाजपा का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राहुल गांधी को जिम्मेदाराना व्यवहार करना चाहिए। सरावगी के मुताबिक, देश की प्रगति राहुल गांधी को बर्दाश्त नहीं हो रही और वे विदेशी मंचों से भारत को नीचा दिखाने वाली भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

Created On :  

Tags

Next Story