केंद्रीय मंत्रिपरिषद बैठक: साढ़े तीन घंटे चली PM मोदी की बैठक, गरीबी उन्मूलन से लेकर विकसित भारत 2047 तक चर्चा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक का समापन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में बुधवार को करीब साढ़े तीन घंटे तक चर्चा चली। इस दौरान प्रधानमंत्री ने सभी विभागों के मंत्रियों को विशेष निर्देश जारी किए। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की सभी योजनाओं पर तेजी से काम करने पर जोर दिया।
यह भी पढ़े -'शून्य योगदान, झूठा गुणगान...',‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन को लेकर रोहिणी आचार्य ने बोला तीखा हमला
जनता पर विशेष फोकस
बैठक में पीएम मोदी ने इस बात पर विशेष तौर पर फोकस किया कि देश की जनता को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सीधे मिले और इसके लिए उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। सूत्रों का कहना है कि पिछले महीने सितंबर में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में तैयार किए गए प्लान का फीडबैक भी लिया गया। बता दें कि इस बैठक का आयोजन पीएम मोदी के फिलीपींस दौरे से भारत लौटने के कुछ ही घंटों बाद हुआ।
कामकाज का हिसाब!
सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से पिछली बैठक के बाद हुए कामकाज की प्रगति और लंबित कार्यों का हिसाब लिया। साथ ही योजनाओं को गति देने के लिए उनकी समीक्षा भी की गई। इसके अलावा आगे की रणनीति और सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं पर भी विशेष चर्चा हुई।
यह भी पढ़े -15 वोटों का गेम और संसद का विशेष सत्र, परिसीमन बिल पास कराने के लिए सरकार का प्लान तैयार!
उन्होंने आगे बताया कि इसी साल सितंबर में चिंतन शिविर के दौरान मंत्रियों को सौंपे गए लक्ष्यों और जिम्मेदारियों पर अब तक हुई प्रगति का आकलन किया गया। इस दौरान तीन अहम प्रेजेंटेशन के जरिए सरकार की प्राथमिकताओं और प्रमुख योजनाओं की मौजूदा स्थिति पर गहन मंथन हुआ। इसमें गरीबी उन्मूलन और वामपंथी उग्रवाद के खात्मे को लेकर प्रेजेंटेशन भी शामिल थे। इस बैठक में मुख्य फोकस इस बात पर रहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
विकसित भारत 2047 पर चर्चा
इसके अलावा बैठक में विकसित भारत 2047 के रोडमैप पर भी फोकस रहा। इससे पहले सितंबर में चिंतन शिविर के रूप में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में भी विकसित भारत 2047 पर जोर दिया गया था। उस दौरान विजन@2047 के शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म रोडमैप तैयार करने के लिए सचिवों के 10 सेक्टोरल समूहों का गठन किया गया था। इनके तहत अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स के साथ व्यापक विचार-विमर्श भी किया गया था।
Created On :  

