UP News: चंद्रशेखर आजाद की बढ़ीं मुश्किलें, मारपीट मामले में घर की कुर्की का आदेश

चंद्रशेखर आजाद की बढ़ीं मुश्किलें, मारपीट मामले में घर की कुर्की का आदेश
2018 के मारपीट और गाली-गलौज मामले में अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने पर गाजियाबाद की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के घर की कुर्की का आदेश जारी किया है। उनके वकील ने मुंबई में संसदीय कार्यसमिति की बैठक का हवाला देते हुए हाजिरी माफी मांगी थी। अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश की नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की वर्ष 2018 के मारपीट और गाली-गलौज के मामले में मुश्किलें बढ़ गई हैं। गाजियाबाद की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने लगातार पेशी पर अनुपस्थित रहने के मामले में 17 नवंबर को उनके घर की कुर्की का आदेश जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी।

यह मामला साहिबाबाद थाना क्षेत्र के वृंदावन गार्डन में वर्ष 2018 में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है। इस मामले में धर्मेंद्र कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि समारोह के दौरान उनके साथ मारपीट और गा्ली-गलौज की गई थी।

17 नवंबर को मामले की सुनवाई के दौरान चंद्रशेखर आजाद अदालत में पेश नहीं हुए। उनकी ओर से अधिवक्ता ने हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र दाखिल किया। बचाव पक्ष ने अदालत को बताया कि सांसद मुंबई में पहले से निर्धारित संसदीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के कारण पेश नहीं हो सके। हालांकि, अदालत ने उनकी गैरमौजूदगी को देखते हुए घर की कुर्की संबंधी आदेश जारी कर दिया।

इस मामले में पहले भी चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हो चुका है। अदालत की कार्रवाई के बाद अब उनकी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले में अगली सुनवाई 8 दिसंबर को निर्धारित की गई है। 2018 के मारपीट केस में चंद्रशेखर आजाद पर कोर्ट सख्त, पेशी से गैरहाजिर रहने पर कोर्ट ने दिया घर की कुर्की का आदेश।

Created On :  

Tags

Next Story