PM Modi: टैक्स में राहत दी, अब कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई या नई भर्तियां कीं? PM मोदी ने उद्योगपतियों से पूछा सवाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उद्योग जगत से कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार को लेकर सवाल किया। उन्होंने पूछा कि सरकार की ओर से कॉरपोरेट टैक्स और इनकम टैक्स में राहत देने के बाद क्या कंपनियों ने अपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया या नए लोगों को नौकरी दी? पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से अपील की कि सरकार की ओर से दी गई टैक्स छूट का फायदा कर्मचारियों तक भी पहुंचना चाहिए।
प्रधानमंत्री फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के शताब्दी समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार ने उद्योगों और आम लोगों को टैक्स में बड़ी राहत दी है। अब उद्योग जगत को भी इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से क्या पूछा?
पीएम मोदी ने कॉरपोरेट टैक्स में कटौती का जिक्र करते हुए कहा कि साल 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की मूल दर 30 प्रतिशत थी, जिसे सरकार ने घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया। वहीं, अब 12 लाख रुपए तक की सालाना आय पर इनकम टैक्स नहीं देना पड़ता।
इसके बाद उन्होंने उद्योगपतियों से सीधे सवाल किया कि जब सरकार ने लोगों को टैक्स में इतनी बड़ी राहत दी है, तो क्या कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई या अपने यहां नई भर्तियां कीं?
उन्होंने कहा, 'मैंने 12 लाख रुपए तक की आय पर इनकम टैक्स माफ कर दिया, लेकिन क्या आपने सैलरी बढ़ाई या कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई? मोदी जी आप कर दीजिए, हम देख लेंगे... क्या इसी तरह से काम होगा?' पीएम मोदी के इस सवाल पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंसी गूंज उठी।
टैक्स में राहत से बढ़ी लोगों की खरीदने की ताकत
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने इनकम टैक्स में बड़ी राहत देने का फैसला सोच-समझकर लिया था। उन्हें पता था कि उद्योग जगत के कुछ लोगों को इन कदमों से पूरी तरह संतुष्टि नहीं होगी, लेकिन इसका सीधा फायदा आम लोगों को मिला है।
उन्होंने कहा कि टैक्स में राहत मिलने से लोगों के पास खर्च करने के लिए ज्यादा पैसा बचा है। इससे उनकी खरीदारी करने की क्षमता बढ़ी है। पीएम मोदी ने उद्योग जगत से सरकार की इन कोशिशों को समझने और इसमें सहयोग करने का आग्रह किया।
ITR और रिफंड की प्रक्रिया को बनाया आसान
पीएम मोदी ने इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरने और रिफंड मिलने की प्रक्रिया में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने टैक्स से जुड़े सिस्टम को आसान बनाया है, ताकि लोगों को अपना पैसा वापस पाने के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।
उन्होंने पुराने सिस्टम की तुलना करते हुए कहा कि पहले आयकर विभाग का एक पत्र आने में भी 8 महीने तक लग जाते थे। अब रिटर्न प्रोसेस होने में एक हफ्ते से भी कम समय लगता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने टैक्स व्यवस्था को सरल और तेज बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं।
Created On :  

