High-level meeting on PM Awas: PM आवास पर हाईलेवल मीटिंग, अमित शाह और BJP अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास पर बुधवार को एक अहम हाईलेवल बैठक चल रही है। इस मीटिंग में बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व यानि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद हैं।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक भी हुई थी। इस बैठक का मुख्य फोकस देश से गरीबी कम करने और नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने पर रहा। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने अगले चरण में इन दोनों लक्ष्यों को हासिल करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर विस्तार से विचार किया।
यह भी पढ़े -क्या मनीला में 'मेड इन पाकिस्तान' ऑटो पर बैठे नजर आए PM मोदी, जानें क्या है वायरल दावे का सच?
50 करोड़ आबादी को गरीबी से बाहर लाने पर हुई चर्चा
कैबिनेट की बैठक में गरीबी उन्मूलन के लिए केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इस दौरान विश्व बैंक की रिपोर्ट का भी जिक्र हुआ।
रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2011 से 2023 के बीच भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इसके चलते अत्यधिक गरीबी की दर में लगभग 90 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। आंकड़ों के अनुसार, अब देश में करीब हर 38 लोगों में से एक व्यक्ति अत्यधिक गरीबी की स्थिति में है।
नक्सलवाद के खात्मे के उपायों पर भी मंथन
बैठक में देश से नक्सली खतरे को खत्म करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। सरकार का जोर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ विकास योजनाओं को प्रभावित इलाकों तक पहुंचाने पर रहा।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गृह और वित्त मंत्रालय समेत विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के 11 सचिवों ने बैठक में अलग-अलग विषयों पर प्रेजेंटेशन दीं। इनमें गरीबी उन्मूलन, सुशासन और विकास से जुड़े मुद्दे शामिल थे।
महिलाओं और युवाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि सरकारी योजनाओं का फायदा महिलाओं और युवाओं तक प्रभावी तरीके से कैसे पहुंचाया जाए। इसके लिए कल्याणकारी योजनाओं, प्रशासनिक सुधारों और सुशासन को और मजबूत बनाने पर विचार किया गया।
सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाने और विकास की प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रही।
Created On :  


